एक माह में बिलासपुर रेंज में महिला सम्बंधी अपराधों के 161 प्रकरणों में हुई 177 आरोपियो की गिरफ्तारियां, सर्वाधिक गिरफ्तारियाँ बिलासपुर में...चार थानेदारो को पुरस्कृत करने की भी घोषणा
बिलासपुर 31 मई 2022। महिला सम्बंधी अपराधो पर आईजी की संजीदगी का असर अब दिखने लगा है। मई की गर्मी में भी रेंज की पुलिस ने 161 अपराधो में 177 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सर्वाधिक गिरफ्तारियां बिलासपुर जिले में हुई हैं।इसके बाद गिरफ्तारियों के मामले में जांजगीर दूसरे नम्बर पर है। इसके साथ ही अपराध पीड़ित महिलाओं के राहत प्रकरण भी न्यायालय भेजे गए हैं।
आईजी डांगी महिला सम्बन्धी अपराधो में आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु समीक्षा बैठक ले रहे है। वर्चुअल माध्यम से होने वाली बैठको में अब तक रेंज के मुंगेली,बिलासपुर, रायगढ़,कोरबा,व जांजगीर जिले की समीक्षा आईजी कर चुके हैं। वर्चुअल माध्यम से होने वाली समीक्षा में पीड़िताएं भी उपस्थित रहती है और अपनी समस्याएं आईजी को बताती हैं। आईजी प्रकरणों की समीक्षा कर तत्काल विवेचकों,थानेदारो व पुलिस अधीक्षकों को जरूरी दिशा निर्देश प्रदान करते हैं। समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने कोरबा के दीपिका थाने में पीड़िता की मौत के 14 माह बाद अपराध दर्ज करने व उसके भी 14 माह बीत जाने के उपरांत भी आरोपियो की गिरफ्तारी नही करने पर आईजी ने थाना प्रभारी व अब तक इस प्रकरण में विवेचक रहे पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। बाल्को थाना के एक रेप के प्रकरण में एएसआई नीलम केरकेट्टा के खिलाफ विवेचना में लापरवाही बरतने पर जांच के निर्देश आईजी ने दिए। तो वही पीड़िता को आरोपी के जीजा द्वारा समझौता के लिए डराने धमकाने की शिकायत मिलने पर आरोपी के जीजा के खिलाफ बाल्को थाने में आरोपी ने अपराध दर्ज करवाया है ।
इसी प्रकार जांजगीर जिले के एक प्रकरण में पीड़िता के द्वारा आरोपी के परिजनों की केश वापसी लेकर मिली धमकी के सम्बंध में शिकायत दी गई। जिस पर आईजी ने कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही शिवरीनारायण के एक प्रकरण में पीड़िता के द्वारा शिकायत की गई कि उसको आरोपी के रिश्तेदार सहायक उप निरीक्षक द्वारा समझौता के लिए दबाव बनाया जा रहा है। जिस पर पुलिस अधीक्षक जांजगीर को आईजी ने उक्त पुलिसकर्मी का स्पष्टीकरण लेकर कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही एएसआई का अन्यत्र ट्रांसफर के भी आदेश आईजी द्वारा दिये गए।
आईजी के लगातार समीक्षा व सख्त तेवरों का असर अब दिखने लगा है। पूरे रेंज में एक माह में ही 161 महिला सम्बन्धी प्रकरणों में 177 आरोपियो की गिरफ्तारी की गई है। सर्वाधिक गिरफ्तारियां करने में बिलासपुर जिला अव्वल हैं। यहां बलात्कार के 23 प्रकरणों में 25 तो छेड़छाड़ के 19 प्रकरणों में 22 आरोपियो की गिरफ्तारियाँ की गई है। इस तरह से बिलासपुर जिले में कुल 47 गिरफ्तारियां हुई हैं। गिरफ्तारियों के मामले में दूसरे नम्बर पर जांजगीर जिला रहा है। यहां 46 आरोपियो की गिरफ्तारियां हुई है। यहां 26 बलात्कार के प्रकरण में 30 आरोपियो को तो वही 15 छेड़छाड़ के प्रकरणों में 16 आरोपियो की गिरफ्तारी की गई हैं। आईजी ने बिलासपुर व जांजगीर दोनो जिले के पुलिस टीमों को उनकी कार्यवाहियों के लिए शाबाशी दी है। साथ ही जांजगीर जिले के बिर्रा,पामगढ़,चंद्रपुर,व सारागांव थानों में महिला सम्बन्धित कोई अपराध लंबित न रहने पर वहां के थानेदारो को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। साथ ही एक माह में आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल रहने वाले जिले के पुलिसकर्मियों को भी जिला स्तर पर पुरस्कृत करने के निर्देश आईजी ने दिए हैं।