दो बहनों का हत्यारा निकला भाई… पत्नी और अपने बेटे के साथ मिलकर दोनों बहनों को उतार दिया था मौत के घाट… तीनों गिरफ्तार
जांजगीर चांपा 29 अगस्त 2021। दो सगी बहन की हत्या मामले में पुलिस में मृतिका के भाई-भाभी और बेटे को गिरफ्तार किया है। तीनों ने ही संपत्ति विवाद के चलते दोनों बहनों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपी पिता-पुत्र और माँ को गिरफ्तार कर लिया है तीनों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना नवागढ़ के तेंदुआ गांव की है। तेंदुआ गांव निवासी राधेश्याम कश्यप ने दो सगी बहनें संतोषी बाई 45 और आपी बाई 40 से शादी की थी। 26 अगस्त गुरूवार की सुबह दोनो बहन सेमरा गांव के दादर स्थित अपने खेत में काम करने के लिये गई हुई थी। शाम में जब घर नहीं लौटी तो उनके परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान शुक्रवार की सुबह खेत में भरे पानी में डूबी दोनों बहनों की लाश मिली। शव मिलने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले को हत्या से जोड़कर इसकी जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि, मृतिका बहनों का पैतृक जमीन को लेकर विवाद भाई और अपनी भाभी से चल रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतिका के भाई और भाभी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे। पुलिस ने जब कढ़ाई से पूछताछ की तो पति पत्नी ने जुर्म कबूल करते हुए दोनों बहनों की हत्या करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि, पैतृक जमीन को लेकर उनका अपनी दोनों बहनों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों बहनें जमीन बटवारा को लेकर आये दिन विवाद करते थे। इस बात से परेशान विनोद ने अपनी पत्नी और बेटे हेमंत के साथ गुरुवार की दोपहर में मृतिका के खेत में पहुंचे और पीछे से धक्का देकर दोनों बहनों को पानी से भरे कीचड़ में डुबो कर मार डाला।
घटना के बाद तीनों आरोपी अपने घर आ गए थे। फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।