Breaking-क्रूज पर कैबिनेट की बैठक आगे टली, सीएम के अमेरिका से लौटने के बाद नया डेट तय होगा, इस वजह से कैबिनेट की बैठक हुई निरस्त

Update: 2020-02-14 13:01 GMT

NPG.NEWS
कोरबा, 14 फरवरी 2020। बांगो डेम में 23 फरवरी को अब क्रूज पर कैबिनेट की बैठक नहीं होगी। सरकार ने इसे निरस्त कर दिया है। संकेत हैं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद अब बैठक की नई तारीख तय की जाएगी।
देश के चुनिंदा टूरिस्ट सेंटर के रूप में डेवलप किये जा रहे सतरेंगा के बांगो डैम में 23 फरवरी कैबिनेट की बैठक होने वाली थी। इसके लिए तैयारी भी शुरू हो गई थी। मुख्यमंत्री, मंत्री समेत अधिकारियों के लिए गेस्ट हाउस का रंगरोगन प्रारंभ हो गया था। डेम को खूबसूरती को निखारने के लिए आसपास की सफाई की जा रही थी।
चीफ सिकरेट्री आरपी मंडल कार्यभार संभालने के बाद दो बार बांगो का दौरा करके आ चुके थे। पिछली बार उन्होंने क्रूज पर अधिकारियों के साथ पूरे डेम का जायजा लिया था। मुख्यमंत्री की इच्छा है कि बांगो डेम को देश के मॉडल टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया जाए।
कैबिनेट की बैठक टालने के पीछे समझा जाता है, वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव की मां के देहावसान हो गया है। 24 फरवरी को उनकी तेरहवीं है। तेरहवीं से एक दिन पहले कैबिनेट होने से एक तो सिंहदेव उसमें हिस्सा नहीं ले पाते और दूसरा साथी मंत्री के शोक के समय क्रूज पर कैबिनेट से अच्छा मैसेज नहीं जाता। इसलिए, अब आगे किसी दिन यह बैठक होगी। हो सकता है, विधानसभा सत्र के अवकाश के दौरा किसी दिन बांगो में कैबिनेट की बैठक आहूत की जाए।

Tags:    

Similar News