वैशाली: मामूली टच पर भड़के BDO, हाथ जोड़ता रहा युवक, थप्पड़ों की करता रहा बौछार... वीडियो वायरल

Bihar BDO Slap Video Viral : वैशाली के महनार में सत्ता का अहंकार बीच सड़क पर तब देखने को मिला, जब एक बीडीओ साहब की गाड़ी को मामूली खरोंच क्या लगी, उन्होंने मर्यादा ही ताक पर रख दी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साहब युवक पर थप्पड़ बरसाते और उसे अपने पैरों में गिरने पर मजबूर करते दिख रहे हैं. इस थप्पड़बाज अधिकारी के रवैये को लेकर जनता में भारी आक्रोश है.

Update: 2026-02-16 13:13 GMT

वैशाली: मामूली टच पर भड़के BDO, हाथ जोड़ता रहा युवक, थप्पड़ों की करता रहा बौछार... वीडियो वायरल

Bihar BDO Slap Video Viral : वैशाली : बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी का भी खून खौल जाए. महनार में तैनात एक बीडीओ पर आरोप लगा है कि उन्होंने महज गाड़ी में हल्की सी खरोंच आने पर एक युवक की बीच सड़क पर बेदम पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक साहब के पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाता दिख रहा है, लेकिन अधिकारी का गुस्सा ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा.

मामूली खरोंच और पावर का नशा

महनार के बीडीओ साहब अपनी सरकारी गाड़ी से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान एक दूसरे वाहन से उनकी गाड़ी में मामूली टक्कर लग गई. बस इतनी सी बात पर साहब का पावर जाग गया. वे गाड़ी से उतरे और सामने वाले युवक पर थप्पड़ों की बरसात कर दी. वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक हाथ जोड़ रहा है, अपनी गलती मान रहा है और यहाँ तक कि साहब के पैर पकड़कर माफी मांग रहा है, लेकिन अधिकारी उसे बार-बार झिड़क रहे हैं और हाथ उठा रहे हैं.


आम जनता में भारी गुस्सा

सड़क पर चल रहे राहगीरों ने जब यह तमाशा देखा, तो उन्होंने अपने मोबाइल में यह सब कैद कर लिया. लोगों का कहना है कि अगर युवक की गलती थी, तो उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी, चालान कटना चाहिए था, लेकिन बीच सड़क पर किसी को थप्पड़ मारना और उसे पैरों में गिरने पर मजबूर करना कहाँ का न्याय है, क्या सरकारी कुर्सी पर बैठते ही इंसानियत खत्म हो जाती है.

प्रशासन की चुप्पी और उठते सवाल

फिलहाल, वैशाली जिला प्रशासन ने इस वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, न ही इसकी पुष्टि की है. लेकिन जिस तरह से यह वीडियो वायरल हो रहा है, उसने महनार से लेकर पटना तक हड़कंप मचा दिया है. अब देखना यह होगा कि क्या जिला अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारी पर कोई एक्शन लेते हैं या फिर इस मामले को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा. लोगों की मांग है कि साहब के इस बर्ताव पर उन पर कड़ी कार्रवाई हो ताकि सरकारी अफसरों को याद रहे कि वो जनता के सेवक हैं, मालिक नहीं.


प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आम जनता के साथ बदसलूकी या मारपीट के मामले पहले भी कई बार सुर्खियों में रहे हैं. 

छत्तीसगढ़ का थप्पड़बाज कलेक्टर कांड 2021 : सबसे चर्चित मामला छत्तीसगढ़ के सूरजपुर का था, जहां तत्कालीन कलेक्टर रणबीर शर्मा ने लॉकडाउन के दौरान दवा लेने निकले एक युवक को बीच सड़क पर थप्पड़ जड़ दिया था और उसका मोबाइल जमीन पर पटक कर तुड़वा दिया था. इतना ही नहीं, उन्होंने वहां खड़े पुलिसकर्मियों से भी उस युवक को पिटवाया था. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इतना बवाल मचा कि मुख्यमंत्री को खुद दखल देना पड़ा और कलेक्टर को तुरंत पद से हटा दिया गया था.

Tags:    

Similar News