अनंत सिंह का महादंगल : ईरान और जॉर्जिया तक से आ रहे पहलवान, अपने इस दुश्मन के नाम पर कर रहे कुश्ती

Anant Singh News : बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज अपने गांव में महादंगल करा रहे हैं। यह दंगल वह अपने दुश्मन रहे विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि पर करा रहे। इस महादंगल में यूपी, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के पहलवान भाग लेंगे। साथ ही ईरान और जार्जिया के भी पहलवान दांव-पेच आजमाते नजर आएंगे।

Update: 2026-04-03 06:41 GMT

अनंत सिंह और विवेका पहलवान। इमेज-सोशल मीडिया

Anant Singh Mahadangal News : मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली अनंत सिंह अपने नदवां गांव में आज अंतरराष्ट्रीय महादंगल करा रहे हैं। यह आयोजन उनके दुश्मन रहे विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर कराया जा रहा। अनंत सिंह का दावा है कि महादंगल में 8-10 लाख लोग शामिल होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, इनके बेटे निशांत समेत कई नेता, विधायक और मंत्रियों को निमंत्रण दिया गया है। इस महादंगल में देश-विदेश के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। इसके लिए विशेष अखाड़ा बनवाया गया है। महादंगल में कई राज्यों के अलावा विदेशों से पहलवान हिस्सा लेंगे। ईरान के हामिद, इरफान और जलाल जैसे नामी पहलवान पहुंच रहे हैं। जॉर्जिया से टेड्डू पहलवान के आने की चर्चा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई चर्चित पहलवान भी कुश्ती लड़ते दिखेंगे।


 जेल से बाहर आने के बाद पहला बड़ा आयोजन

पूरा आयोजन अनंत सिंह की देखरेख में हो रहा है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे पिछले सप्ताह बेऊर जेल से बाहर आए हैं। जेल से बाहर आने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक आयोजन है। अनंत सिंह खुद तैयारियों का जायजा लेते नजर आए हैं।

विवेका पहलवान की याद में आयोजन

दंगल की दुनिया में विवेका पहलवान बड़ा नाम रहे हैं। वह बिहार केसरी का खिताब जीते थे। अपनी सख्त दिनचर्या के लिए जाने जाते थे। उनके भाई अरविंद पहलवान के मुताबिक विवेका रोज 5 लीटर दूध पीते थे। उनकी डाइट में बादाम का हलवा, शरबत शामिल होता था। वे रोज हजारों दंड-बैठक लगाते और 10 किलोमीटर दौड़ते थे। उनकी इसी मेहनत ने उन्हें बड़ा पहलवान बनाया।

अनंत सिंह और विवेका के बीच कैसी थी दुश्मनी?

कभी अनंत सिंह और विवेका पहलवान के बीच वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष रहा था। मोकामा और बाढ़ के टाल इलाके में इनका दबदबा था। ढाई-तीन दशक तक चले गैंगवार में दोनों पक्षों के कई लोग मारे गए। 2009 में विवेका पहलवान द्वारा अनंत सिंह के घर पर हमला हुआ था। उसमें अनंत सिंह को गोली लगी थी। दोनों गोतिया भाई थे। समय के साथ उनकी दुश्मनी खत्म हो गई और रिश्ते सामान्य हो गए। 2 अप्रैल 2025 को दिल का दौरा पड़ने से विवेका पहलवान की मौत हो गई थी। उनके निधन पर अनंत सिंह ने शोक जताया था।

Tags:    

Similar News