CG NEWS: ट्रांसपोर्टर के सूने मकान का ग्रील उखाड़कर पांच लाख नकद और जेवर पार,सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर

Update: 2022-12-26 08:21 GMT

बिलासपुर। न्यायधानी में सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोरनगर स्थित कल्याण बाग में रहने वाले ट्रांसपोर्टर के सूने मकान का ग्रील उखाड़कर चोरों ने पांच लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। रविवार की रात पीड़ित ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। पुलिस की टीम ने आसपास के लोगों से संदेहियों की जानकारी जुटाई है। इसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोरनगर स्थित कल्याण बाग में रहने वाले सच्चीदानंद मंगलानी(45) ट्रांसपोर्टर हैं। शनिवार की शाम वे परिवार के साथ रिश्तेदारी में रायपुर गए थे। इस दौरान उनका मकान सूना था। रविवार की सुबह वे रायपुर से भाटापारा में रहने वाले रिश्तेदार के घर चले गए। शाम 8 बजे के करीब वे राजकिशोरनगर लौटे। मकान का ताला खोलकर वे अंदर गए तो कमरे का लाक टूटा हुआ था। कमरे का ग्रील उखाड़कर घुसे चोरों ने कमरे में समान बिखेर दिया था। कमरे की आलमारी तोड़कर चोरों ने पांच लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। जेवर करीब 10 लाख स्र्पये के बताए जा रहे हैं। पीड़ित ट्रांसपोर्टर ने इसकी जानकारी सरकंडा थाने में दी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। घटना की जानकारी होने पर अधिकारियों ने डाग स्क्वायड को भी मौके पर जांच के लिए भेजा है। पुलिस की टीम आसपास के लोगों से संदेहियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जानकारी लेकर फुटेज निकाले जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News