मामा ने भांजे को चाकू से गोदकर मार डाला: बहन भाई में हुआ था विवाद, बीच बचाव करने आये भांजे को मामा ने उतार दिया मौत के घाट...

Update: 2022-05-26 12:02 GMT

जांजगीर 26 मई 2022। भाई बहन के बीच हुए विवाद में बीच बचाव करना भांजे को महंगा पड़ गया। आक्रोशित मामा ने भांजे के गले मे चाकू से गोदकर घायल कर दिया, जिसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री निवासी मनोज कुमार के घर उसकी बहन व भांजा ग्राम ढाबाडीह से आये हुए थे। दिनांक 23 मई को मनोज कुमार व उसकी बहन का जमीन रजिस्ट्री को लेकर वाद विवाद होने लगा। जिसको देखकर मनोज कुमार का भांजा हरीश कुमार बीच बचाव करने लगा और अपनी माँ व मामा को लड़ने से मना करने लगा। जिससे आक्रोशित होकर मनोज कुमार द्वारा अपने भांजे को घर से बाहर जाने को बोला पर भांजा हरीश कुमार नही गया। जिससे आक्रोशित होकर मामा मनोज कुमार के द्वारा अपने भांजे बीस वर्षीय हरीश कुमार के गले मे सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से हमला कर घायल कर दिया।

खून ज्यादा बहता देख फिर मामा मनोज कुमार के द्वारा खुद ही घायल भांजे को लेकर ईलाज के लिए बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस ने आरोपी मामा मनोज कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है।

Tags:    

Similar News