बेटे की चोरी में मां फंसी: 6.50 लाख की चोरी का आरोपी पकड़ा गया, पैसे छिपाने के आरोप में मां भी गिरफ्तार

पद्नाभपुर चौकी एरिया में 14 अप्रैल की रात हुई थी चोरी

Update: 2022-04-23 16:59 GMT

दुर्ग, 23 अप्रैल 2022। 6.50 लाख के चोरी के केस में पुलिस ने शातिर चोर को पकड़ा है। साथ ही, पैसे छिपाने के आरोप में उसकी मां को भी गिरफ्तार किया गया है। हालांकि पुलिस को सिर्फ दो लाख 5 हजार रुपए और चांदी की प्लेट ही मिली है।


जानकारी के मुताबिक 14 अप्रैल को कसारीडीह दुर्ग के अखिलेश मिश्रा के घर पर पोते का मुंडन संस्कार था। रात में सभी परिजन के लिए भोजन की व्यवस्था शिवनाथ नदी के किनारे एक रेस्टोरेंट में थी। शाम को करीब 7.15 बजे सभी रेस्टोरेंट चले गए। वहां से सवा 12 बजे रात को पहुंचे तो मेनगेट का ताला लगा हुआ मिला, लेकिन भीतर के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। ऑफिस में रखे 6.50 लाख कैश नहीं मिले। पूजा कमरे में चांदी की प्लेट भी गायब थी। पद्नाभपुर चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। चौकी प्रभारी वैभव बैंकर (प्रोबेशनर आईपीएस) के साथ टीम ने पतासाजी शुरू की। इस बीच पुलिस की जानकारी में आया कि केलाबाड़ी एरिया का शातिर चोर दीपक उर्फ विक्की भारती (25 साल) आसपास दिखा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। उसके पास से 1.40 लाख और चांदी की प्लेट बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 65 हजार रुपए उसकी मां लता भारती के पास है। पुलिस ने लता के पास से पैसे बरामद कर लिए। दोनों को ही गिरफ्तार किया गया है।

Tags:    

Similar News