Korba News: शादी के 1 साल बाद भी नहीं हुई संतान, पति-पत्नी ने बैगा के पास से खाई दवाई, पत्नी की मौत, पति गंभीर

Update: 2023-07-31 12:18 GMT

कोरबा। शादी के 1 साल बाद भी संतान नहीं होने से परेशान दंपत्ति ने बैगा से झाड़-फूंक करवाए और फिर बैगा की दी हुई दवाई खाई। दवाई खाने के थोड़ी ही देर में पति–पत्नी को उल्टियां शुरू हो गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान पत्नी ने दम तोड़ दिया। वहीं पति अब भी गंभीर है। पुलिस आरोपी बाबा की तलाश कर रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर में रहने वाले लवन पटेल के बेटे 28 वर्षीय रामाधार पटेल की शादी पिछले वर्ष चांपा में रहने वाले फूल सिंह की बेटी सुशीला पटेल 27 वर्ष से हुई थी। शादी के एक साल बाद भी मां नहीं बन सकी। जिसके चलते पति-पत्नी ने बैगा के चक्कर लगाने लगे। इस बीच वे दर्री थाना क्षेत्र के जोगिया डेरा में रहने वाले रामलाल यादव के संपर्क में आए। बैगा से पिछले कुछ माह से झाड़-फूंक करवा रहे थे। बैगा उनके घर भी बीच–बीच में आकर झाड़–फूंक करता था। सुशीला पटेल की एक बहन कोरबा के सीतामढ़ी में रहती है। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। रामाधार पटेल व सुशीला पटेल शनिवार की सुबह सुशीला की बहन के घर पहुंचे। यहां रामाधार के ससुर व सुशीला के पिता फूल सिंह भी मौजूद थे। यहां से फूल सिंह, उसकी बेटी सुशीला और दामाद रामाधार पटेल बैगा के घर चले गए।

यहां बैगा रामलाल यादव ने दोनों पति पत्नी का काफी टाइम तक झाड़-फूंक किया। फिर दोनों दंपति को अपने डेरे में लगे नल में नहा कर आने के लिए कहा। नहा कर आने पर उन्हें नया कपड़ा पहनाया। जिसके बाद बैगा रामलाल यादव ने परवाना के नाम पर 3 पान जड़ी–बूटी मिलाकर बनाई। इसके बाद दंपत्ति को पान खाने के लिए कहा। पान खाने के बाद सुशीला को उल्टी होने लगी। तब बैगा राम लाल यादव ने कहा कि यह सामान्य उल्टी है और यह मां बनने का लक्षण है। जिसके बाद फूल सिंह अपनी बेटी सुशीला और दामाद रामाधार पटेल को लेकर वहां से निकला। घर पहुंचने से पहले रास्ते में ही रामाधार पटेल को भी उल्टियां शुरू हो गई। बेटी और दामाद की स्थिति बिगड़ता देख फूल सिंह ने दोनों को सुनालिया पुल के पास स्थित एक श्वेता नर्सिंग होम नामक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान शनिवार रात करीबन साढ़े दस बजे सुशीला पटेल ने दम तोड़ दिया। वही उसके पति रामाधार पटेल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी कल रविवार की सुबह अस्पताल पहुंची। नवविवाहिता की मौत से जुड़ा मामला होने के चलते टीआई रूपक शर्मा ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को बुलवा परिजनों के बयान दर्ज करवाए। रामाधार की स्थिति गंभीर होने के चलते उसका बयान दर्ज नहीं हो सका है। नवविवाहिता की मौत की जानकारी लगते ही बैगा फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

Tags:    

Similar News