सड़क पर पलटी कैप्सूल वाहन से टकरा कर जीजा साले की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
जांजगीर 28 मार्च 2022। सड़क पर पलटी कैप्सूल वाहन से टकरा कर बीती रात जीजा साले की मौत हो गयी। मौत से आक्रोशित लोगो ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया है। मौके पर एसडीओपी व तहसीलदार ग्रामीणों को समझाईश देने में जुटे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मुलमुला थाना क्षेत्र के नरियरा ग्राम निवासी जोमस निर्मलकर की बहन की शादी बिलासपुर जिले के पचपेढ़ी थाना क्षेत्र ओखर गांव निवासी जितेंद्र रजक से हुई थी। दोनो जीजा साले कल सगाई समाहरोह में शामिल होने अकलतरा गए हुए थे। जहां से कल देर बाइक से वापस लौट रहे थे।
लौटते समय बनाहिल चौक से नरियरा रोड पर भगत कुँए के पास पहुँचे ही थे कि पहले से सड़क पर पलटी कैप्सूल गाड़ी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनो जीजा साले की मौके पर ही मौत हो गयी। राहगीरों ने एक्सीडेंट की सूचना डायल 112 को दी। तब डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुँच कर दोनो जीजा साले के शव को पामगढ़ अस्पताल पहुँचाया।
आज सुबह एक्सीडेंट से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीओपी जांजगीर चन्द्रशेखर परमा व अकलतरा तहसीलदार गरिमा मल्हार दल बल के साथ मौके पर पहुँचे है और ग्रामीणों को समझाईश देकर चक्काजाम खत्म करवाने की कोशिशों में जुटे हैं।