चाकू और बंदूक की नोक पर शराब दुकान में लूट की कोशिश… लूट में हुये नाकाम तो ढ़ाबे में जाकर की मारपीट और लूटपाट
रायपुर 21 सितंबर 2021। राजधानी की एक शराब दुकान में चाकू और बंदूक की नोक पर लूट करने आये तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित लाखेनगर शराब दुकान की है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम चार युवक हाथों में चाकू और पिस्टल लेकर शराब दुकान के बाहर लोगों को डरा धमका कर पैसे लूटपाट कर रहे थे। लोगों से मारपीट और लूट की इस घटना के बाद शराब दुकान में चारों युवक पिस्टल लहाराते हुये घुसने की कोशिश करने लगे। आरोपियों के हाथ में चाकू और पिस्टल देख शराब दुकान के मैनेजर और कर्मचारियों ने दुकान का शटर अंदर से बंद कर दिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी। कर्मचारियों को शटर बंद करता देख चारों आरोपी कर्मचारियों से गाली गलौज कर वहां से भाग निकले।
लूट की कोशिश नाकाम होने के बाद चारों आरोपी शराब दुकान से कुछ दूरी पर स्थित लक ढाबा पहुंचे और वहां के कर्मचारियों से हथियार के दम पर मारपीट कर 300 रूपए लूट कर ले गये। इधर जैसे ही इस लूट की शिकायत पुलिस को मिली तो इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मारपीट और लूटपाट करने वाले युवकों के नाम मोना राव, नवीन वर्मा, गोपी और वेंकटेंश है। आरोपियों के पास से पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।