गतिरोध के बीच भाजपा विधायक पहुँचे फिर से विधानसभा.. अशासकीय संकल्प कार्य दिवस की दिलाई याद.. ज़बर्दस्त हंगामा.. दस मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित

Update: 2021-03-05 04:38 GMT

रायपुर, 5 मार्च 2021। कल से भाजपा विधायक दल और आसंदी की व्यवस्था से असहमति के कारण उपजा गतिरोध आज भी जारी रही, बल्कि दोपहर ठीक तीन बजे यह गतिरोध और गंभीर हो गया, जबकि प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण की कार्यवाही के बाद खुद को अलग कर चुका भाजपा विधायक दल तीन बजे फिर सदन में पहुँचा और अशासकीय संकल्प कार्य की माँग करने लगा।
वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा

“सदन नियम से नहीं परंपराओं से चलता है.. लेकिन नियम का विषय ही प्रमुख है तो अशासकीय संकल्प का मतलब अंतिम तीन घंटे इस पर चर्चा होती है.. अब इस पर चर्चा करने हम आए हैं”

बेहद आक्रामक तरीक़े से भाजपा विधायक दल अपनी बात दोहराता रहा कि..

“नियमों से चल रहे सदन में अब नियमानुसार समय अशासकीय संकल्प का है इसलिए अब अशासकीय संकल्प पर चर्चा कराईए”

हालाँकि इस पूरे गतिरोध के ठीक पहले विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने विभाग पर चर्चा के दौरान बोल रहे भारसाधक मंत्री रविंद्र चौबे से कहा

“तीन बजे से समय अशासकीय संकल्प का है”

इस पर संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने आसंदी से आग्रह किया

“विभाग से संबंधित यह अपनी बात पूरी कर लूँ.. आग्रह है फिर चर्चा करा लीजिएगा, वैसे भी अशासकीय संकल्प पर चर्चा अंतिम दौर में होती है”

इसके बाद आसंदी ने व्यवस्था दी

“अशासकीय संकल्प पर चर्चा विभाग के अनुदान पर चर्चा के बाद होगी”

लेकिन भाजपा विधायक दल ने तीन बजे से अशासकीय संकल्प पर चर्चा करने जमकर नारेबाज़ी की, इसके जवाब में सत्ता पक्ष भी नारेबाज़ी करने लगा।
बेहद शोरगुल और हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी।

Tags:    

Similar News