5 नक्सली मार गिराये : नक्सल आपरेशंस में मिली बड़ी कामयाबी….मुठभेड़ में जवानों ने 5 माओवादियों को किया ढेर… 3 महिला नक्सली भी शामिल
राजनांदगांव 29 मार्च 2021। छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के खोब्रामेन्धा वन क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच घंटों चली मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस इलाके में पांच नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है. जहां मुठभेड़ हुई वो पूरा इलाका नक्सल प्रभावित है. खेड़ा तालुके के खोब्रा मेढ़ा के जंगल में सुबह C-60 कमांडों की टीम पेट्रोलिंग करने गई थी. तभी नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया. दोनों तरफ से हुई फायरिंग में 5 नक्सली मारे गए. इनमें से 5 पुरूष नक्सली हैं और 2 महिलाएं हैं.
नक्सली क्षेत्र के डीआईजी संदीप पाटील के मुताबिक फिलहाल फायरिंग रूकी हुई है. नक्सलियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इससे पहले पांच मार्च को भी गढ़चिरौली जिले के कोरपर्शी जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी और भारी तादाद में अस्त्र- शस्त्र बरामद किए गए थे. उस मुठभेड़ में C-60 के एक कमांडो शहीद हो गए थे. मुठभेड़ 12 घंटों तक चली थी. उन्होंने कहा कि खुरखेड़ा इलाके के खोब्रामेन्धा वन क्षेत्र में पुलिस के जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई. इसमें पुलिस के जवानों ने पांच नक्सलियों को ढेर कर दिया है. क्षेत्र में पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.
बता दें कि बीती 24 मार्च को पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ नारायणपुर में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों की बस पर हमला किया था और इसमें पांच जवान शहीद हो गए थे. दरअसल, नक्सलियों ने सुरक्षा बलों की बस को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर उड़ा दिया था. इसके बाद से पुलिस इन इलाकों में तलाशी अभियान चला रही थी.