UP Horror : थाने से मात्र 100 मीटर दूर दरिंदगी! किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, अस्पताल में तोड़ा दम
Barabanki Crime News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है, जहाँ मोहम्मदपुर खाला थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक 17 वर्षीय किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया. यह सनसनीखेज घटना तब हुई जब किशोरी दोपहर के वक्त घर से बाहर निकली थी. अस्पताल में दम तोड़ने से पहले पीड़िता ने पुलिस को आरोपी का नाम भी बताया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
UP Horror : थाने से मात्र 100 मीटर दूर दरिंदगी! किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, अस्पताल में तोड़ा दम
Barabanki Crime News : बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक 17 साल की किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई. अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मदपुर खाला गांव के रहने वाले मैकू की 17 वर्षीय बेटी गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे घर से शौच के लिए निकली थी. घर से कुछ ही दूर जाने पर थाने के ठीक पीछे ईंट-भट्ठे के पास अचानक उसकी चीख सुनाई दी. जब गांव वाले उधर दौड़े, तो देखा कि लड़की आग की लपटों में घिरी हुई थी.
ग्रामीणों ने आनन-फानन में आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में सूरतगंज के अस्पताल ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पहुंची.
किशोरी ने मरते-मरते बताया आरोपी का नाम
अस्पताल में जब किशोरी को थोड़ी देर के लिए होश आया, तो पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया. अपने आखिरी बयान में किशोरी ने युवक का नाम अमरेंद्र बताया है, जो पहले मोहम्मदपुर खाला चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था. पुलिस ने बताया कि वह युवक अब पेट्रोल पंप की नौकरी छोड़ चुका है. घटना वाली जगह से पुलिस को पेट्रोल का एक डिब्बा और पानी की बोतल भी मिली है.
परिजनों ने जताई रेप की आशंका
इस मामले में लड़की के परिवार वालों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि लड़की के साथ गलत काम करने के बाद उसे जान से मारने के लिए आग लगाई गई है. जब लड़की की बड़ी बहन मौके पर पहुंची, तो उसने देखा कि किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे. ग्रामीणों ने रजाई ओढ़ाकर उसे अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
किशोरी के परिवार की स्थिति पहले से ही काफी खराब थी. बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीना पहले ही उसके पिता मैकू की सियार के हमले में घायल होने के बाद मौत हो गई थी. घर में सात बच्चे 4 बेटियां और 3 बेटे हैं.
पुलिस की कार्रवाई
एसएचओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है.विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर सुराग तलाश रही है. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य आरोपों की पुष्टि हो पाएगी, फिलहाल हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है.
ऐसा ही एक दर्दनाक खबर पटना से आया था
बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर में एकतरफा प्यार में पागल युवक की दरिंदगी ने पूरे देश को दहला दिया था. 17 जनवरी को आदित्य कुमार नाम के एक सिरफिरे ने सरेराह एक नाबालिग किशोरी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया था. चश्मदीदों के मुताबिक, मंजर इतना खौफनाक था कि आग की लपटों से घिरी मासूम मदद के लिए चिल्लाते हुए सड़क पर करीब 100 फीट तक बदहवास दौड़ती रही. स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शरीर का ज्यादातर हिस्सा जल जाने के कारण 22 जनवरी की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
आरोपी आदित्य काफी समय से किशोरी का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था, और लड़की द्वारा दूरी बनाए जाने से वह गुस्से में था. मृतका की मां ने घटना के अगले दिन ही एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और पीड़िता का मृत्यु पूर्व बयान भी दर्ज किया था. पुलिस की लगातार तलाशी और बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी आदित्य कुमार ने 23 जनवरी की शाम पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया था.