UP News: रतनपुरा में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय किसान कार्यशाला शुरू, किसान मुद्दों पर होगा व्यापक मंथन
UP News: रतनपुरा स्थित एक मैरेज हाल में उत्तर प्रदेश किसान सभा की प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय किसान कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
17 February 2026|मऊ। रतनपुरा स्थित एक मैरेज हाल में उत्तर प्रदेश किसान सभा की प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय किसान कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड क्षीर सागर राजन ने स्वामी सहजानन्द सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि किसान सभा देश का सबसे बड़ा किसान संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1936 में स्वामी सहजानन्द सरस्वती ने की थी। गाजीपुर की धरती पर जन्मे स्वामी जी द्वारा स्थापित यह संगठन आज कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.डी. सिंह ने संगठन के इतिहास और लंबे संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में किसानों ने अग्रणी भूमिका निभाई और अनेक बलिदान दिए। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने ग्राम समितियों को सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि ब्लॉक और तहसील स्तर पर किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष एवं जागरूकता अभियान चलाया जाना आवश्यक है।
प्रांतीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक राजेंद्र यादव ने कार्यशाला का एजेंडा प्रस्तुत किया। इसमें संगठन की प्रगति, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, बीज कानून, कर्जमुक्ति और न्यूनतम समर्थन मूल्य आंदोलन, संयुक्त किसान आंदोलन, जमीन के अधिकार, भूमि अधिग्रहण तथा प्रदेश किसान सभा के भावी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा का प्रस्ताव रखा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष इम्तियाज़ बेग ने की। इस अवसर पर पूर्व विधायक इम्तियाज़ अहमद, दीनानाथ त्रिपाठी, राधेश्याम यादव (मैनपुरी), राम नारायण सिंह, राम कुमार भारती, शेख हिसामुद्दीन, गुफरान अहमद और देवेंद्र प्रसाद मिश्रा सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
दो दिवसीय इस कार्यशाला का मंथन सत्र आगे भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि किसान मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे।