चायवाले को लगा बिजली बिल का झटका: 1.25 लाख का बिल देखकर आया हार्ट अटैक, फिर जमकर हुआ बवाल
चाय वाले को बिजली बिल देखकर हार्ट अटैक आ गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने विद्यूत विभाग कार्यालय में शव रखकर प्रदर्शन किया।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
इटावा 19 मार्च 2026, उत्तर प्रदेश के इटावा में चाय वाले को बिजली बिल देखकर हार्ट अटैक आ गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मौत से गुस्साए परिजनों ने बुधवार को विद्यूत विभाग कार्यालय में शव रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि 6 महीने का बिजली बिल 1 लाख 25 हजार रुपए आया था, जिसके कारण सदमे में आकर मंगलवार रात शिवपाल सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। विद्यूत विभाग ने तकनीकी गड़बड़ी की बात कहकर जांच की बात कही है।
क्या है पूरा मामला ?
भरथना पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मंगलवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 50 साल के व्यक्ति की हार्टअटैक से मौत हो गई। इसके पीछे की वजह 1 लाख 25 हजार रुपए का बिजली बिल था, जी हां स्मार्ट मीटर पर बिजली बिल बढ़कर आने की शिकायत करके वह थक गया था और 6 महीने का बिल देखकर वह सदमे में आ गया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
पहले कितना आता था बिजली बिल ?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान शिवपाल सिंह (50) के रूप में हुई है, जो कि भरथना पुलिस स्टेशन क्षेत्र के महावीर नगर में रहता था और चाय की दुकान लगाकर परिवार का पालन पोषण करता था। मृतक की बेटी ने बताया कि पहले उनके घर पर पोस्टपेड मीटर लगा था, जिसमें हर महीने 1200 से 1500 तक बिजली बिल आता था। स्मार्ट मीटर लगाने के 6 महीने बाद 1 लाख 25 हजार रुपए का बिजली बिल आ गया।
आखिर कैसे आया हार्ट अटैक ?
1 लाख 25 हजार रुपए के बिजली बिल को सही कराने के लिए शवपाल विद्यूत विभाग कार्यालय के चक्कर काटने लगा, लेकिन उसकी समस्या का कोई हल नहीं हुआ। इसी तनाव के चलते मंगलवार रात उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद बुधवार को परिजनों ने विद्यूत विभाग कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।
SDO ने क्या कहा ?
विद्युत विभाग के SDO दिलीप साहू का इस मामले में कहना है कि स्मार्ट मीटर में करीब 1 लाख 25 हजार रुपए का बिल दिख रहा है। उन्होंने माना कि मीटर में तकनीकी खराबी के कारण गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हार्ट अटैक के लक्षण क्या है ?
- चक्कर आना
- सीने में दर्द होना
- सांस लेने में दिक्कत
- थकान महसूस होना
- सीने में पसीना आना
बचाव के उपाय क्या है ?
- नियमित व्यायाम करें
- तनाव लेने से बचे
- धूम्रपान और शराब के सेवन से परहेज करें
- जंक फूड से परहेज करें