दो शिक्षक बर्खास्त:डीएड की फर्जी मार्कशीट से पंद्रह साल नौकरी…प्राथमिक शिक्षक के पद पर थे दोनों…
इंदौर 2 जुलाई 2021 सरकारी स्कूलों के दो प्राथमिक शिक्षकों की सेवाएं गुरुवार को समाप्त कर दी गई। इन दोनों शिक्षकों ने डीएड की फर्जी मार्कशीट लगाकर सांवेर और महू संकुल के सरकारी स्कूलों में नौकरी हासिल की थी। डीईओ व एसडीएम रवि कुमार सिंह को दोनों के संबंध में शिकायत मिली थी। डीईओ ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर कराए जाने के साथ उनसे वेतन वसूली को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं।
डीईओ सिंह के मुताबिक सांवेर संकुल के शासकीय प्राथमिक विद्यालय पटवाखेड़ी के प्राथमिक शिक्षक चिंतामण देथलिया और महू संकुल के शासकीय प्राथमिक विद्यालय धोड़बड़ के प्राथमिक शिक्षक गोकुल सोलंकी के संबंध में शिकायत मिली थी। दोषी पाए जाने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर को लिखा गया।
देथलिया की नियुक्ति 1 जुलाई 2006 से होना बताया गया है। संविदा शिक्षक वर्ग तीन में भर्ती होने पर तीन साल तक उसे तीन हजार रुपए के करीब वेतन मिलता रहा। उसके बाद समय-समय पर लागू वेतनमान के आधार पर वेतनवृद्धि होती चली गई। वर्तमान में देथलिया को लगभग 40 हजार रुपए महीना वेतन मिल रहा है।
सोलंकी को भी लगभग 40 हजार रुपए महीना वेतन मिल रहा है। दोनों ही प्राथमिक शिक्षकों से लगभग 10-10 लाख रुपए से ज्यादा की वसूली वेतन के रूप में हो सकती है। दोनों शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने को लेकर भी निर्देश दिए हैं। यहां भी देखेंगे कि दोनों ने फर्जी मार्कशीट कहां से तैयार करवाई थी।