ट्विटर की मुश्किलें बढ़ी: दिल्ली-MP में अलग-अलग मामले में केस दर्ज…पॉक्सो और IT एक्ट के तहत हुुई FIR

Update: 2021-06-29 09:56 GMT

नईदिल्ली 29 जून 2021. कभी भारत के नक्शे से लद्दाख और कश्मीर को अलग दिखाने तो कभी वायरल वीडियो पर एफआईआर का सामने वाले ट्विटर पर अब एक और केस दर्ज हो गया है। भारत का गलत नक्शा दिखाने के बाद से ट्विटर (Twitter) पर उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश के भोपाल में भी FIR दर्ज की गई है. साथ ही एक अलग मामले में दिल्ली पुलिस साइबर सेल ने भी केस दर्ज किया है. ऐसे में सरकार से चल रही तल्खियों के बीच ट्विटर को अब इन कानूनी मामलों से भी गुजरना होगा. दिल्ली पुलिस साइबर सेल ने ये FIR राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के शिकायत पर दर्ज की है. आरोप है कि ट्विटर के प्लेटफॉर्म पर चाइल्ड पोर्नोग्राफिक कंटेंट मौजूद हैं, इस माले में दिल्ली पुलिस पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है.

दरअसल राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की ओर से ट्विटर पर चाइल्ड पोर्नोग्राफिक कंटेंट होने की शिकायत की गई थी। इसके आधार पर ही दिल्ली पुलिस की ओर से एफआईआर की गई है। अब इस मामले में भी ट्विटर के अधिकारियों से पूछताछ की जा सकती है। इस बीच यूपी पुलिस ने गाजियाबाद में एक मुस्लिम बुजुर्ग की पिटाई के वीडियो को सांप्रदायिक ऐंगल देने के मामले में ट्विटर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख कर लिया है।

24 जून को ट्विटर के इंडिया एमडी मनीष माहेश्वरी की अर्जी पर कर्नाटक हाई कोर्ट ने गाजियाबाद पुलिस की ओर से कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। इस बीच कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को एक बार फिर से इस मामले की सुनवाई की और अगली तारीख 5 जुलाई की तय की है। गाजियाबाद पुलिस ने ट्विटर के एमडी से व्यक्तिगत तौर पर थाने में पेश होकर पूछताछ में शामिल होने को कहा है। वहीं माहेश्वरी का कहना है कि वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूछताछ के लिए तैयार हैं। गाजियाबाद पुलिस की ओर से व्यक्तिगत पेशी के नोटिस के खिलाफ ही माहेश्वरी ने कर्नाटक हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल की है।

वहीं उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के खुर्जा नगर के रहने वाले वकील प्रवीण भाटी ने खुर्जा कोतवाली नगर थाने में मामला दर्ज कराया है, जिसमें उन्होंने ट्विटर के द्वारा भारत के मानचित्र से जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख को बाहर दिखाए जाने का जिक्र किया है। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने कहा कि इस कृत्य से जनमानस की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसके खिलाफ ट्विटर के प्रबंध निदेशक मनीष माहेश्वरी व इंडिया हेड अमृता त्रिपाठी के खिलाफ नक्शे में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। प्रवीण भाटी उत्तर प्रदेश बजरंग दल के सह संयोजक भी हैं। खुर्जा के सीओ सुरेश सिंह ने बताया कि प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

बता दें कि भारत में 26 मई से नए आईटी नियम लागू हुए हैं। इन नियमों को लागू न करने के चलते ट्विटर को मिल रही लीगल इम्युनिटी अब समाप्त हो गई है। इसके बाद यह पहला मौका था, जब गाजियाबाद पुलिस ने ट्विटर के खिलाफ केस दर्ज किया था। बीते कई दिनों से ट्विटर और केंद्र सरकार के बीच टकराव की स्थिति है। ट्विटर का कहना है कि नए नियम प्राइवेसी और अभिव्यक्ति की आजादी का उल्लंघन करते हैं। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि इन नए नियमों से सोशल मीडिया के आम यूजर्स के अधिकारों का संरक्षण हो सकेगा।

Tags:    

Similar News