छत्तीसगढ़ में आज हड़ताल है : महंगाई भत्ता सहित कई मांगों को लेकर कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षक आज हड़ताल पर… इंद्रावती भवन सहित अधिकांश दफ्तर रहेंगे खाली, कई स्कूलों में लटका रहेगा ताला….

Update: 2021-09-02 21:22 GMT

रायपुर 3 सितंबर 2021। छत्तीसगढ़ में महंगाई भत्ता को लेकर कर्मचारियों व अधिकारियों का हल्ला बोल शुरू हो गया है। आज प्रदेश के लाखों कर्मचारी, अधिकारी व शिक्षक अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर रहेंगे। अधिकांश कर्मचारी संगठनों के अलावे शिक्षक फेडरेशन और कई शिक्षक संगठनों ने भी इस हड़ताल को समर्थन किया है। हड़ताल की वजह से विभागों में कामकाज आज बुरी तरह से प्रभावित रहेगा, वहीं कई स्कूलों में भी ताला लटक जायेगा। इससे पहले कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों ने 25 अगस्त से 31 अगस्त तक काली पट्टी लगाकर काम किया था। फेडरेशन ने चेतावनी दी थी कि अगर महंगाई भत्ता समेत अन्य मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वो 3 सितंबर को एकदिवसीय हड़ताल पर चले जायेंगे। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने इस संदर्भ में प्रदर्शन की तैयारी पूरी कर ली है।

आपको बता दें कि कर्मचारियों का जुलाई 2019 देय तिथि से महंगाई भत्ता सहित कुल 28% महँगाई भत्ता सरकार ने लंबित रखा है। वेतन विसंगति, पदोन्नति/समयमान, 7 वे वेतनमान का बकाया एरियर्स/ गृहभाड़ा भत्ता,चार स्तरीय वेतनमान स्वीकृति,पेंशनर्स के मुद्दों सहित अन्य माँगे लंबित हैं। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले प्रदेश के कई कर्मचारी संगठनों ने समर्थन का ऐलान किया है।

प्रदेश के डायरेक्टरेट इंद्रावती भवन में आज काम बुरी तरह ठप रहेगा, अधिकांश कर्मचारी-अधिकारी आज एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। आंदोलन की वजह से कार्यालय, शालाएं, स्वास्थ संस्थाऐं, वि.वि. नगर निगम सभी बंद रहेगें-11 बजे कार्यालयों में एकत्र होकर, रैली के रूप में बूढ़ातालाब पहुंचेगें और प्रदर्शन करेंगे।

शिक्षक संगठन भी रहेंगे हड़ताल पर

इस हड़ताल को कई शिक्षक संगठन ने भी समर्थन दिया है। हड़ताल में शामिल होने को लेकर जहां संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन, सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे, सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा और आम शिक्षक संघ ने खुली सहमति दी है वही शालेय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे और छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने हड़ताल को सिर्फ नैतिक समर्थन देने का ऐलान किया है।

Tags:    

Similar News