Samsung Wallet में धांसू अपडेट, अब फोन से खुलेंगे घर के ताले, गाड़ी के बाद अब घर की चाबी भी हुई डिजिटल
Samsung Wallet Digital Home Key Feature: Samsung Wallet में Digital Home Key फीचर जुड़ गया है। अब Galaxy यूजर्स स्मार्ट डोर लॉक को फोन से खोल सकेंगे। NFC, UWB और रिमोट एक्सेस जैसे विकल्प मिलेंगे। यह फीचर मार्च 2026 से शुरू हुआ है और जल्द कई देशों में उपलब्ध होगा।
Image Source: news.samsung.com/global
Samsung Wallet Digital Home Key Feature: टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर दिन कोई न कोई नया कमाल देखने को मिल ही जाता है लेकिन सैमसंग ने तो अब वो कर दिखाया है जिसके बारे में आपने सोचा भी नहीं होगा। अब आपको अपने घर की चाबी ढूंढने के लिए बैग या जेब में हाथ नहीं डालना पड़ेगा।
सैमसंग ने अपने यूजर्स को एक ऐसा तोहफा दिया है जो आम जिंदगी को पूरी तरह बदल कर रख देगा। दरअसल कंपनी ने अपने Samsung Wallet App (सैमसंग वॉलेट ऐप) में Digital Home Key (डिजिटल होम की) नाम से एक नया फीचर लॉन्च कर दिया है और इसकी शुरुआत मार्च 2026 से हो गई है।
क्या है डिजिटल होम की और कैसे करेगी काम?
अब बात करते हैं कि आखिर ये डिजिटल होम की है क्या और कैसे काम करेगी। तो देखिए पहले की बात करें तो सैमसंग वॉलेट का इस्तेमाल लोग पेमेंट करने के लिए करते थे या फिर जरूरी दस्तावेज सेव करने के लिए करते थे लेकिन अब यही सैमसंग वॉलेट आपके घर की चाबी का काम करेगा।
सैमसंग कंपनी ने पहले ही गाड़ियों के लिए डिजिटल की शुरू कर दी थी और अब घरों की बारी है। यानी अब आपका सैमसंग वॉलेट आपके लिए एक यूनिफाइड डिजिटल प्लेटफॉर्म (UDP) बन गया है जहां से आप अपनी गाड़ी भी खोल सकते हैं और अपने घर का दरवाजा भी खोल सकते हैं और सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको कई सारे ऐप या चीजें नहीं रखनी होंगी।
सेटअप से लेकर एक्सेस तक, कैसे खुलेंगे दरवाजे?
अब सवाल उठता है कि आखिर ये काम कैसे करेगा तो चलिए इसे आसान भाषा में समझते हैं। सबसे पहले आपको अपने घर का स्मार्ट डोर लॉक सैमसंग के SmartThings (स्मार्टथिंग्स) ऐप से कनेक्ट करना होगा और ये कनेक्शन मैटर नाम के प्रोटोकॉल के जरिए होगा जो कि स्मार्ट होम डिवाइसेज के लिए नया स्टैंडर्ड है। एक बार ये कनेक्शन हो जाने के बाद आप इस लॉक को सीधे सैमसंग वॉलेट में ऐड कर सकते हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि हर बार दरवाजा खोलने के लिए फोन निकालना पड़ेगा तो जरूरी नहीं है। दरअसल इसमें तीन तरीके हैं दरवाजा खोलने के:
▪︎ पहला तरीका है NFC (नियर-फील्ड कम्युनिकेशन) यानी अगर आप फोन को लॉक पर टैप करेंगे तो दरवाजा खुल जाएगा।
▪︎ दूसरा तरीका है UWB यानी अल्ट्रा वाइडबैंड और ये तरीका सबसे जबरदस्त है क्योंकि इसमें आपको फोन निकालने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। जैसे ही आप दरवाजे के पास पहुंचेंगे फोन की मौजूदगी भांपते हुए लॉक अपने आप खुल जाएगा।
▪︎ और तीसरा तरीका है रिमोट एक्सेस यानी अगर आप घर पर नहीं हैं और किसी को अंदर भेजना चाहते हैं तो दुनिया में कहीं से भी सैमसंग वॉलेट ऐप खोलकर आप दरवाजा खोल सकते हैं।
सुरक्षा का पूरा इंतजाम, ऐसे रहेगा डेटा सेफ
अब इतनी आसानी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि कहीं कोई हैक तो नहीं कर सकता या फिर गलत हाथों में पड़ा तो क्या होगा। तो इसके लिए सैमसंग ने पूरा इंतजाम किया है। ये डिजिटल चाबियां अलीरो (Aliro) स्टैंडर्ड पर काम करती हैं जो कि कनेक्टिविटी स्टैंडर्ड अलायंस का बनाया हुआ एक नया और सुरक्षित प्रोटोकॉल है।
इसके अलावा ये सारी चाबियां सैमसंग के नॉक्स प्लेटफॉर्म में स्टोर होती हैं जो कि दुनिया के सबसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म्स में से एक है और इसे EAL6+ सर्टिफिकेशन मिला हुआ है। मतलब जब तक आप अपना फिंगरप्रिंट नहीं देंगे या पिन नहीं डालेंगे तब तक कोई आपकी चाबी का इस्तेमाल नहीं कर सकता।
और अगर आपका फोन कहीं खो गया तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है क्योंकि आप सैमसंग फाइंड फीचर के जरिए दूर बैठे ही इस डिजिटल की को डिएक्टिवेट कर सकते हैं या फिर हटा सकते हैं।
कब और कहां मिलेगा फायदा?
फिलहाल ये फीचर मार्च 2026 से कुछ चुनिंदा देशों में रोल आउट होना शुरू हो गया है। सैमसंग ने बताया है कि वो दुनिया की बड़ी स्मार्ट लॉक बनाने वाली कंपनियों जैसे Aqara (एक्वारा), Nuki (नुकी), Schlage (श्लेज) और Xthings (एक्सथिंग्स) के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का फायदा उठा सकें।
जैसे ही ये स्मार्ट लॉक बाजार में आएंगे वैसे ही सैमसंग इस सर्विस को और देशों में भी बढ़ा देगा। तो तैयार हो जाइए उस दौर के लिए जब आपकी जेब में चाभियों का गुच्छा नहीं बल्कि सिर्फ एक सैमसंग फोन होगा और वो फोन ही आपकी गाड़ी और आपके घर की चाबी का काम करेगा।