पुरानी यादें ताजा करेगा Ayaneo Pocket S Mini: तगड़े प्रोसेसर के साथ आया नया हैंडहेल्ड गेमिंग कंसोल, जानें क्या है खास
Ayaneo Pocket S Mini Retro Gaming Handheld News: Ayaneo Pocket S Mini एक नया एंड्रॉइड हैंडहेल्ड गेमिंग कंसोल है, जो रेट्रो गेमिंग के दीवानों के लिए बनाया गया है। इसमें 4:3 डिस्प्ले, Snapdragon G3x Gen 2 प्रोसेसर, 6000mAh बैटरी और प्रीमियम डिजाइन मिलता है। यह गेमिंग कंसोल 8GB/12GB/16GB RAM और 128GB, 256GB व 512GB स्टोरेज विकल्पों में उपलब्ध है।
Image Source: ayaneo.com
Ayaneo Pocket S Mini Retro Gaming Handheld News: पुरानी वीडियो गेम्स खेलने वालों के लिए एक नया विकल्प सामने आया है। Ayaneo नाम की कंपनी ने अपना नया एंड्रॉइड हैंडहेल्ड गेमिंग कंसोल Pocket S Mini लॉन्च किया है। यह गेमिंग कंसोल खास तौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो पुराने क्लासिक गेम्स दोबारा खेलना चाहते हैं। Ayaneo कंपनी का दावा है कि इसका डिजाइन, स्क्रीन और हार्डवेयर रेट्रो गेमिंग के लिए बेहतर अनुभव देने पर फोकस करता है।
डिस्प्ले और डिजाइन पर फोकस
Ayaneo Pocket S Mini में 4.2-इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है। इसका रेजोल्यूशन 1280×960 पिक्सल है और स्क्रीन का एस्पेक्ट रेशियो 4:3 रखा गया है। पुराने कंसोल गेम्स इसी रेशियो में बनाए गए थे, इसलिए इस स्क्रीन पर गेम चलते समय इमेज स्ट्रेचिंग या क्रॉपिंग जैसी समस्या नहीं मिलेगी। इससे गेम अपने असली फॉर्म में दिखाई देते हैं।
डिजाइन की बात करें तो इसमें CNC-मशीन से तैयार किया गया मेटल फ्रेम दिया गया है। फ्रंट साइड पर हाई-स्ट्रेंथ ग्लास लगाया गया है। डिवाइस का कुल वजन करीब 305 ग्राम है, जिससे इसे हाथ में पकड़कर लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। आकार छोटा होने के कारण इसे जेब या छोटे बैग में रखना भी आसान है।
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
इस हैंडहेल्ड कंसोल में Qualcomm का Snapdragon G3x Gen 2 प्रोसेसर दिया गया है। यह चिप 4nm टेक्नोलॉजी पर आधारित है। ग्राफिक्स के लिए इसमें Adreno A32 GPU मिलता है। कंपनी के अनुसार, यह प्रोसेसर एंड्रॉइड आधारित गेमिंग और एमुलेशन के लिए बनाया गया है।
लंबे समय तक गेम खेलने पर डिवाइस गर्म न हो, इसके लिए इसमें एक्टिव कूलिंग सिस्टम दिया गया है। इसमें ‘बायोमिमेटिक फिशबोन’ डिजाइन वाला एयर वेंट इस्तेमाल किया गया है, जिससे हीट बाहर निकलती रहती है। रैम के तौर पर इसमें 16GB तक LPDDR5X रैम का विकल्प मिलता है। स्टोरेज के लिए 512GB तक UFS 4.0 स्टोरेज दी गई है, जिससे गेम और फाइल्स तेजी से लोड होती हैं।
कंट्रोल्स और सॉफ्टवेयर
Pocket S Mini में हॉल-इफेक्ट जॉयस्टिक्स दिए गए हैं, जिनमें ड्रिफ्ट की समस्या कम होने की बात कही गई है। इसके साथ लीनियर ट्रिगर्स और ABXY बटन मिलते हैं। बटन पर क्रिस्टल टेक्सचर दिया गया है, जिससे पकड़ बेहतर रहती है।
यह कंसोल Android 14 पर चलता है। इसमें कंपनी का अपना ‘AyaSpace’ सॉफ्टवेयर दिया गया है। इसके जरिए गेम लाइब्रेरी मैनेज की जा सकती है और परफॉर्मेंस से जुड़े कुछ बेसिक सेटिंग्स बदली जा सकती हैं। इसमें रियल-टाइम ट्रांसलेशन का फीचर भी जोड़ा गया है, जो दूसरी भाषा में मौजूद गेम्स को समझने में मदद कर सकता है।
बैटरी और कनेक्टिविटी
Ayaneo Pocket S Mini में 6000mAh की बैटरी दी गई है। यह PD फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी ने फिलहाल यह साफ़ नहीं किया है कि एक बार फुल चार्ज करने पर बैटरी कितने घंटे चलेगी। हालांकि, इसके पावरफुल हार्डवेयर को देखते हुए उम्मीद है कि एक सामान्य गेमिंग सेशन के लिए यह बैटरी काफी होगी।
कनेक्टिविटी के लिए इसमें USB 3.2 Gen 2 टाइप-C पोर्ट दिया गया है, जिससे एक्सटर्नल डिस्प्ले को कनेक्ट किया जा सकता है। इसके अलावा माइक्रो-SD कार्ड स्लॉट, Bluetooth 5.3 और Wi-Fi सपोर्ट भी मिलता है। सिक्योरिटी के लिए पावर बटन में ही फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है।
कलर्स ऑप्शन, कीमत और उपलब्धता
Ayaneo Pocket S Mini हैंडहेल्ड गेमिंग कंसोल तीन अलग कलर्स ऑप्शन में यानि आइस सोल व्हाइट, ओब्सीडियन ब्लैक और रेट्रो पावर में उपलब्ध है।
कीमत की बात करें तो Ayaneo ने इसे अलग-अलग स्टोरेज वैरिएंट में पेश किया है। इसके 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत $319 (करीब 29,251 रुपये) से शुरू होती है।
वहीं इसके 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत $399 (करीब 36,590 रुपये) तय की गई है। और सबसे टॉप मॉडल यानी 16GB रैम और 512GB स्टोरेज वाले 'रेट्रो पावर' एडिशन की कीमत $479 (करीब 43,930 रुपये) रखी गई है। Ayaneo कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट ayaneo.com पर इसके प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं।