Apple का सबसे सस्ता MacBook Neo भारत में लॉन्च: सिर्फ ₹69900 में मिलेगा A18 Pro चिप वाला दमदार लैपटॉप
Apple MacBook Neo Launched in India: Apple ने भारत में अपना सबसे सस्ता लैपटॉप MacBook Neo लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत ₹69900 रखी गई है। इसमें 13-इंच Liquid Retina डिस्प्ले और A18 Pro चिप दी गई है, जो तेज परफॉर्मेंस देती है। यह हल्का और फैनलेस डिजाइन वाला लैपटॉप है, जो लंबी बैटरी लाइफ के साथ आता है।
Image Source: apple.com/in | Edited By: NPG News
Apple MacBook Neo Launched in India: Apple ने अपने Mac लाइनअप में एक नया किफायती लैपटॉप जोड़ा है। कंपनी ने इसका नाम MacBook Neo रखा है। यह 13-इंच डिस्प्ले वाला लैपटॉप है और भारत में इसकी शुरुआती कीमत 69,900 रुपये है। इसमें Apple का A18 Pro प्रोसेसर दिया गया है। ये वही चिप है जो अभी तक सिर्फ iPhone 16 Pro सीरीज में मिलती थी।
हल्का वजन और बिना पंखे वाला डिज़ाइन
MacBook Neo की बॉडी एल्युमिनियम से बनी है और इसमें रीसाइकिल्ड एल्युमिनियम का इस्तेमाल किया गया है, जिससे लैपटॉप मजबूत और हल्का दोनों बनता है। Apple ने इसके कोनों को हल्का गोलाकार रखा है जिससे यह देखने में सॉफ्ट लगता है। वजन की बात करें तो सिर्फ 1.23 किलोग्राम है। मतलब रोजाना बैग में रखकर ले जाना आसान रहेगा। सबसे खास बात यह है कि इसमें कूलिंग फैन नहीं है। Apple ने फैनलेस डिज़ाइन अपनाया है।
इसका फायदा यह है कि काम करते वक्त कोई आवाज नहीं आएगी। बिल्कुल साइलेंट ऑपरेशन मिलेगा। यह लैपटॉप चार कलर में आ रहा है। सिल्वर, ब्लश, सिट्रस और इंडिगो। Apple ने इन रंगों को सिर्फ बॉडी तक सीमित नहीं रखा। कीबोर्ड और डिफॉल्ट वॉलपेपर में भी वही शेड दिखता है। पूरा लैपटॉप एक जैसा दिखे इसका ख्याल रखा गया है।
A18 Pro चिप का दमदार परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस के मामले में MacBook Neo काफी ताकतवर दिखता है। इसमें Apple का A18 Pro चिप लगा है जिसमें 6-कोर CPU दिया गया है। इन 6 कोर में से 2 परफॉर्मेंस कोर हैं जो भारी कामों को संभालते हैं और 4 एफिशिएंसी कोर हैं जो बैटरी बचाने का काम करते हैं। ग्राफिक्स के लिए 5-कोर GPU है और AI से जुड़े कामों के लिए 16-कोर Neural Engine अलग से दिया गया है।
Apple का कहना है कि ये चिप Intel Core Ultra 5 प्रोसेसर वाले PC की तुलना में वेब ब्राउजिंग जैसे सामान्य कामों में 50 प्रतिशत तक तेज है। AI वर्कलोड्स की बात करें तो कंपनी के मुताबिक ये तीन गुना तक ज्यादा तेजी से काम करता है। फोटो एडिटिंग में भी दोगुनी स्पीड का दावा किया गया है। बैटरी लाइफ भी काफी अच्छी है।
Apple ने बताया है कि इसमें 36.5 वॉट-आवर की लिथियम पॉलीमर बैटरी दी गई है जो वायरलेस वेब ब्राउजिंग पर 11 घंटे और वीडियो स्ट्रीमिंग पर 16 घंटे तक चल सकती है। चार्जिंग के लिए 20W का USB-C पावर एडाप्टर बॉक्स में मिलता है।
13-इंच Liquid Retina डिस्प्ले और 1080p कैमरा
MacBook Neo में 13-इंच का Liquid Retina डिस्प्ले दिया गया है जिसका रिजॉल्यूशन 2408 x 1506 पिक्सल है और पिक्सल डेंसिटी 219 PPI है। इस डिस्प्ले की ब्राइटनेस 500 निट्स है और ये 1 बिलियन कलर्स को सपोर्ट करता है। Apple ने इसमें एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग भी दी है जिससे बाहर धूप में या तेज लाइट में भी स्क्रीन पर कंटेंट साफ दिखता है। वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 1080p FaceTime HD कैमरा लगा है जो ऑप्टिमाइज्ड इमेज प्रोसेसिंग के साथ आता है।
कनेक्टिविटी और इनपुट ऑप्शन
कनेक्टिविटी के मामले में MacBook Neo में दो USB-C पोर्ट दिए गए हैं। इनमें से एक USB 3 स्टैंडर्ड का है और दूसरा USB 2 स्टैंडर्ड का है। दोनों पोर्ट से चार्जिंग, एक्सटर्नल डिवाइस कनेक्ट करना और बाहरी मॉनिटर जोड़ना संभव है। इसके अलावा 3.5mm हेडफोन जैक भी दिया गया है जो वायर्ड ईयरफोन या हेडफोन यूज करने वालों के लिए है।
ऑडियो इनपुट के लिए डुअल माइक्रोफोन ऐरे (Microphone Array) दिया गया है जिसमें डायरेक्शनल बीमफॉर्मिंग टेक्नोलॉजी है। इसका मतलब ये है कि वीडियो कॉल के दौरान सिर्फ आपकी आवाज पिक होगी और बैकग्राउंड का शोर अपने आप कम हो जाएगा। Voice Isolation और Wide Spectrum माइक्रोफोन मोड भी दिए गए हैं। स्पीकर्स की बात करें तो इसमें डुअल साइड-फायरिंग स्पीकर्स हैं जो Spatial Audio और Dolby Atmos को सपोर्ट करते हैं।
वायरलेस कनेक्टिविटी में Wi-Fi 6E और Bluetooth 6.0 का सपोर्ट मिलता है। कीबोर्ड Apple का स्टैंडर्ड Magic Keyboard है और इसके साथ बड़ा Multi-Touch Force Touch ट्रैकपैड भी दिया गया है।
हालांकि एक जरूरी बात यह है कि Touch ID यानी फिंगरप्रिंट सेंसर सिर्फ 512GB वाले मॉडल में मिलेगा। 256GB वाले बेस मॉडल में Touch ID नहीं है। मेमोरी की बात करें तो दोनों वेरिएंट में 8GB यूनिफाइड मेमोरी दी गई है और ये लैपटॉप macOS ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है।
भारत में कीमत और कहां से खरीदें
MacBook Neo दो स्टोरेज वेरिएंट में उपलब्ध है। 256GB SSD स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत 69,900 रुपये है जबकि 512GB SSD स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 79,900 रुपये रखी गई है। Apple ने इसे भारत समेत 30 देशों और क्षेत्रों में एक साथ लॉन्च किया है।
फिलहाल apple.com/store और Apple Store ऐप पर ऑर्डर लाइव हैं। Apple Store की फिजिकल लोकेशंस और Apple ऑथराइज्ड रिसेलर के पास ये लैपटॉप 11 मार्च 2026 से मिलना शुरू हो जाएगा।