₹64900 में लॉन्च हुआ iPhone 17e, पहली बार मिलेगा 256GB बेस स्टोरेज
iPhone 17e Launched in India: Apple ने भारत में अपना नया iPhone 17e लॉन्च कर दिया है। इस बार कंपनी ने बेस मॉडल में ही 256GB स्टोरेज दी है। इस फोन में नया A19 चिप, MagSafe सपोर्ट और 48MP कैमरा मिलता है। इसकी शुरुआती कीमत ₹64900 रखी गई है।
Image Source: apple.com/in | Edited By: NPG News
iPhone 17e Launched in India: एप्पल प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अमेरिकी टेक दिग्गज कंपनी Apple ने अपने iPhone 17 सीरीज के तहत सबसे किफायती स्मार्टफोन iPhone 17e को भारत में लॉन्च कर दिया है। इस फोन में कई ऐसे दमदार फीचर्स दिए गए हैं जो पिछले मॉडल iPhone 16e में नहीं थे।
सबसे बड़ी बात यह है कि कंपनी ने इस फोन में MagSafe सपोर्ट देने का फैसला किया है। याद दिला दें कि पिछले साल आए iPhone 16e में MagSafe न होने की वजह से लोगों को काफी निराशा हुई थी। अब इस फोन को आप मैग्नेटिक वायरलेस चार्जर से आसानी से चार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें नया और पॉवरफुल A19 चिपसेट लगाया गया है और स्क्रीन को Ceramic Shield 2 से प्रोटेक्ट किया गया है जो पिछले मॉडल से तीन गुना ज्यादा मजबूत है।
कैसा है डिस्प्ले और कैमरा?
अगर आपको लग रहा है कि सस्ते आईफोन में समझौता किया गया होगा तो आपको बता दें कि इस फोन में भी वही 6.1 इंच का Super Retina XDR OLED डिस्प्ले मिलता है जो iPhone 16e में था। हालांकि, एक बात जो थोड़ी निराश करने वाली है वो यह है कि इसमें अब भी 60 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट ही दिया गया है। इस कीमत पर मिलने वाले एंड्रॉइड फोन में तो 120 हर्ट्ज डिस्प्ले मिल ही जाता है।
कैमरे की बात करें तो Apple ने इसमें पिछले मॉडल की तरह ही 48 मेगापिक्सल का एक ही कैमरा लगाया है। यह कैमरा ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) के साथ आता है यानी हिलते हुए हाथ से भी फोटो खींचोगे तो वह साफ आएगी। सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें 2x Optical Quality Zoom का फीचर दिया गया है जिसकी मदद से दूर की चीजों की भी बेहतरीन तस्वीरें खींची जा सकती हैं। सेल्फी के लिए 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है जो f/1.9 अपर्चर के साथ आता है।
पावरफुल परफॉर्मेंस और बेहतरीन बैटरी लाइफ
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत है इसका प्रोसेसर। Apple ने iPhone 17e में अपना सबसे नया A19 चिपसेट लगाया है। यह चिपसेट इतना पॉवरफुल है कि आप चाहे जितने भी ऐप चला लो, फोन हैंग नहीं होगा। साथ ही इसमें 8 जीबी रैम दी गई है ताकि मल्टीटास्किंग का मजा ले सको। इस फोन में Apple Intelligence का भी सपोर्ट दिया गया है यानी कई सारे एआई फीचर्स तुम इस फोन में इस्तेमाल कर सकते हो।
बैटरी की बात करें तो Apple का दावा है कि यह फोन एक बार फुल चार्ज करने पर 26 घंटे तक वीडियो चला सकता है। यानी लगभग 1.5 दिन तक काम आराम से चल जाएगा। इस फोन का वजन 169 ग्राम है और यह बेहद पतला 7.8 मिलीमीटर डिजाइन के साथ आता है। साथ ही यह फोन पानी और धूल से बचाने वाली IP68 रेटिंग के साथ आता है यानी बारिश में भी इस्तेमाल कर सकते हो।
भारत में कीमत और कब से मिलेगा?
Apple ने इस बार बेस मॉडल में 256 जीबी स्टोरेज दी है। पिछले मॉडल में 128 जीबी बेस स्टोरेज थी। इसका मतलब है कि अब आपको डबल स्टोरेज मिलेगी। iPhone 17e की कीमत भारत में 64,900 रुपये रखी गई है। यह कीमत 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की है। अगर आपको 512 जीबी स्टोरेज चाहिए तो उसकी कीमत 84,900 रुपये है।
यह फोन तीन रंगों में आता है - ब्लैक, व्हाइट और सॉफ्ट पिंक। अगर आप यह फोन लेना चाहते हो तो 4 मार्च 2026 की शाम 7:45 बजे से इसके प्री-ऑर्डर शुरू हो जाएंगे। और इस फोन की सेल 11 मार्च 2026 से शुरू होगी। यह फोन Apple की ऑफिशियल वेबसाइट या फिर अपने शहर के अधिकृत Apple Store से यह फोन खरीद सकते हो।
EMI और ऑफर्स की जानकारी
अगर आप एक साथ पूरे पैसे नहीं दे सकते तो कोई बात नहीं। Apple ने बढ़िया EMI ऑप्शन भी दिए हैं। 256 जीबी वेरिएंट पर आप 11,327 रुपये प्रति महीने की EMI से शुरुआत कर सकते हैं। वहीं 512 जीबी वेरिएंट के लिए 14,817 रुपये प्रति महीने की EMI होगी। यह EMI 6 महीने की होगी।
इतना ही नहीं, अगर आपके पास चुनिंदा बैंकों के कार्ड्स है तो आपको 5,000 रुपये तक का इंस्टेंट कैशबैक भी मिलेगा। यह ऑफर सिर्फ चुनिंदा मॉडल्स पर ही लागू होगा। कुल मिलाकर अगर आप एक अच्छा और भरोसेमंद स्मार्टफोन लेना चाहते हो और आपका बजट 65 हजार के आसपास है तो iPhone 17e आपके लिए एक शानदार ऑप्शन हो सकता है।