PSC ने ख़ारिज किए अनुपस्थित अभ्यर्थी के साक्षात्कार लेने के आरोप.. पीएससी ने जारी किया केंद्र के उपस्थिति पत्रक.. बोले अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी – “किसी के कुछ कहने पर कोई दौड़ जाए..इसपर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता.. हमारे पास शिकायत आई.. जाँच की गई .. शिकायत निराधार पाई गई”

Update: 2021-02-01 04:56 GMT

रायपुर,1 फ़रवरी 2021। राज्य लोक सेवा आयोग कार्यालय ने उस शिकायती पत्र और उस पत्र के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से ख़ारिज कर दिया हैं राज्य लोक सेवा आयोग ने सहायक प्राध्यापक की परीक्षा का उस दिन का उसी केंद्र का उपस्थिति पत्रक भी जारी किया है।
दरअसल एक शिकायत सहायक प्राध्यापक परीक्षा को लेकर वायरल हो रही है, जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि आवेदक वीरेंद्र पटेल अमलीडीह हासिल सेंकेड्री स्कुल केंद्र क्रमांक 3004 के कक्ष क्रम्रांक 13 में परीक्षा दिया था, सहायक प्राध्यापक परीक्षा में रोल नंबर 190204103691 था, उसके पीछे 190204103693 अनुपस्थित था लेकिन साक्षात्कार सूची में वह अनुक्रमांक मौजूद है। शिकायत राज्य लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को संबोधित थी।
सोशल मीडिया में वायरल इस शिकायत को लेकर सियासत तेज हो गई। राजनेताओ विशेषकल युवा नेताओं ने ताबड़तोड़ आरोप जड़ने शुरु कर दिए। कांग्रेस के विधायक विकास उपाध्याय तो मीडिया को बयान जारी कर यह तक कह गए –

“कुछ ज़िम्मेदार अधिकारी तत्कालीन भाजपा सरकार के शीर्ष नेताओं से मिलीभगत कर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की साज़िश रच रहे हैं,ऐसे अधिकारियों को चिन्हित कर उन्हें पद से हटाते हुए उनके ख़िलाफ़ एफ़आइआर करना चाहिए”

इस पूरे मसले पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए पूरी शिकायत को ही ग़लत और निराधार बताया है।इसके लिए पीएससी ने तथ्यों को साबित करते अभिलेख भी जारी किए हैं।
राज्य लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है –

“शिकायतकर्ता वीरेन्द्र कुमार पटेल रोल नम्बर 190204103691 उपस्थित है,इसके पीछे सुश्री सुनीता बेक रोल नम्बर 190204103692 अनुपस्थित है,शिकायतकर्ता द्वारा अनुपस्थित बताया गया अभ्यर्थी का रोल नम्बर 190204103693 है जो श्री प्रदीप कुमार प्रजापति है वह उपस्थित था,जो साक्षात्कार के लिए चयनित है । जो अनुपस्थित था उसका रोल नम्बर 190204103692 है जबकि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि,उसके पीछे वाला रोल नम्बर 190204103693 अनुपस्थित था, जबकि ऐसा नहीं है, यह आरोप गलत है।”

छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग ने अपने पक्ष के साथ उक्त परीक्षा केंद्र का उपस्थिति पत्रक भी जारी किया है, वह पत्रक पीएससी के दावे को सही साबित कर रहा है।
राज्य लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी ने कहा –

“किसी ने कुछ कह दिया और उस पर कोई दौड़ जाए तो क्या किया जा सकता है ? शिकायत आई तो उसकी गंभीरता से जाँच हुई, उपस्थिति पत्रक भी देखा गया, शिकायत निराधार पाई गई है”

Tags:    

Similar News