शाकिब अल हसन को मिला शानदार प्रदर्शन का इनाम, BCB ने ऑलराउंडर के अलावा 4 अन्य खिलाड़ियों को भी दिया तोहफा

Update: 2021-09-02 07:31 GMT

नईदिल्ली 2 सितम्बर 2021I करीब एक साल तक बैन झेलने के बाद क्रिकेट के मैदान पर लौटने वाले बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें अब इस प्रदर्शन का इनाम भी मिला है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शाकिब को 2021 के लिए जारी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया है। अनुभवी ऑलराउंडर प्रतिबंध के कारण पिछले एक साल किसी भी क्रिकेट गतिविधि में भाग नहीं लेने के कारण बीसीबी का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने में विफल रहे थे, लेकिन इस साल उन्हें इस लिस्ट में शामिल कर लिया गया है। शाकिब को चार अन्य​ खिलाड़ियों के साथ सभी फॉर्मेट के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी गई है।


ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल को केवल टेस्ट और वनडे मैचों के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जबकि महमूदुल्लाह को टी20 इंटरनेशनल और वनडे के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है। यह फैसला एक सितंबर को बीसीबी अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। बोर्ड की ओर से पेश किए गए इस साल के कॉन्ट्रैक्ट की अवधि मई से दिसंबर तक है। बोर्ड ने पिछले साल 17 के मुकाबले इस साल 24 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के लिए चुना है।


शाकिब सहित पांच खिलाड़ियों को बीसीबी द्वारा ऑल-फॉर्मेट के लिए कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा बनाया गया है। शाकिब अल हसन अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जिन्होंने अपने लिए ऑल-फॉर्मेट सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है। बीसीबी ने मुशफिकुर रहीम, लिटन दास, तस्कीन अहमद और शोरफुल इस्लाम को भी इसी तरह का कॉन्ट्रैक्ट दिया है। दास और रहीम को पिछले साल भी सभी प्रारूपों के लिए बीसीबी द्वारा अनुबंधित किया गया था, लेकिन तेज गेंदबाज अहमद और इस्लाम ने अपने-अपने करियर में पहली बार सभी फॉर्मेट के लिए कॉन्ट्रैक्ट में जगह बनाई है।


तमीम ने इस साल के अंत में होने वाले टी20 विश्व कप से नाम वापस ले लिया था, लेकिन उन्हें टी20 कॉन्ट्रैक्ट के लिए नजरअंदाज कर दिया गया है। दूसरी ओर, महमूदुल्लाह ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट से संन्यास ले लिया और उन्हें सीमित ओवरों के एकमात्र खिलाड़ी के रूप में अनुबंधित किया गया है।

Tags:    

Similar News