CG की नई परिभाषा: CG मतलब Corruption Growth- शिवराज; मरकाम बोले- MP संभल नहीं रहा, ज्ञान बांटने आ गए

शिवराज सिंह चौहान ने खैरागढ़ में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया

Update: 2022-04-08 16:22 GMT
CG की नई परिभाषा: CG मतलब Corruption Growth- शिवराज; मरकाम बोले- MP संभल नहीं रहा, ज्ञान बांटने आ गए
  • whatsapp icon

खैरागढ़, 08 अप्रैल 2022। एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को खैरागढ़ में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा की जब रमन सिंह छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री थे, तब CG- Credible Growth के लिए जाना जाता था, लेकिन जबसे भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने हैं, तब से CG-Corruption Growth के लिए जाना जाने लगा है। छतीसगढ़ में आज विकास खत्म हो गया। केवल भ्रष्टाचार का राज है। उन्होंने कहा की भाजपा मिशन के लिए कार्य करती है जबकि कांग्रेस कमीशन के लिए काम करती है।

शिवराज ने कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब किसी उपचुनाव में मुख्यमंत्री ने घोषणापत्र जारी किया है। एक कहानी सुनाते हुए कहा कि कांग्रेस के किसी भी लोभ लालच में जनता को नहीं आना है, क्योंकि कांग्रेसी पहले भी लालच देकर जनता को ठग चुके हैं। चुनावों के समय सत्ता पाने के लिए कांग्रेस लुभावने वादे करती है, लोभ लालच देती है, लेकिन हमें उसके जाल में नहीं फंसना है। उन्होंने कहा कि मामा आपसे यही कहने आया है।

पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पलटवार करते हुए कहा कि जिन शिवराज से मध्यप्रदेश नहीं संभल पा रहा, वे छत्तीसगढ़ में बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। शिवराज बताएं मध्यप्रदेश में किसानों का धान कितने में खरीद रहे हैं। देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल मध्यप्रदेश में क्यों है? जो शिवराज मध्यप्रदेश की जनता को पीने का पानी उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं, वे खैरागढ़ में विकास का ज्ञान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों से फीस नहीं लेने का निर्णय लिया है। शिवराज सिंह मध्यप्रदेश के बेरोजगार छात्रों से परीक्षा फीस के नाम पर 455 करोड़ रुपए वसूला है। जिस शिवराज के राज में मध्यप्रदेश महिला अपराध की राजधानी बन गया, वे सुशासन की बातें कर डींग हांक रहे थे। मध्य प्रदेश का ऐसा राज्य हो गया जहां दवाइयां महंगी है और शराब सस्ती है। मध्यप्रदेश शिवराज के राज में कर्ज के कारण दिवालिया होने के कगार पर है।

Tags:    

Similar News