Vishnudeo Cabinet Reshuffle: मंत्रिमंडल विस्तार पर ताजा अपडेट, विस्तार इस बार टलेगा नहीं, रास्ता न निकला तो एक मंत्री भी ले सकते हैं शपथ
विष्णुदेव मंत्रिमंडल का विस्तार भले ही 18 अगस्त को न हो मगर इस बार शपथ टलेगा नहीं। भले ही एक मंत्री शपथ क्यों न ले, विस्तार होगा, ऐसा सूत्रों का कहना है। क्योंकि, इस बार अगर कैबिनेट विस्तार टला तो फिर संदेश बड़ा खराब जाएगा।
रायपुर। बीजेपी बड़ी अनुशासित पार्टी है। कांग्रेस में जरूर टिकिट वितरण के आखिरी दिन तक कुछ पक्का नहीं होता। कई बार तो बी फार्म बदल जाता है। मगर बीजेपी में एक बार जो हो गया, सो हो गया। मगर छत्तीसगढ़ में बीजेपी पार्टी में छबि के विपरीत कार्य़ हो रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार दो बार टल गया है। अब तीसरे बार भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कल शाम तक तीन नामों का लगभग ऐलान हो गया था।
गजेंद्र यादव का नाम तो पहले से निर्विवाद रूप से तय है, दो में खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल का नाम आश्चर्यजनक तौर पर जुड़ गया। बताते हैं, रायपुर से शीर्ष नेतृत्व को जो नाम गए थे, उनमें खुशवंत साहेब और संपत अग्रवाल शमिल थे। मगर अंबिकापुर के राजेश अग्रवाल का नाम कल अचानक सामने आया तो आम आदमी ही नहीं, राजनीतिज्ञ भी चौंक गए। बीजेपी के अंदरखानों में चर्चा है कि राजेश अग्रवाल का नाम कोई औद्योगिक घराने ने आगे बढ़ाया है। तभी पार्टी से एक लाइन का मैसेज था, राजेश को मंत्री बनाया जाए। क्योंकि, सरगुजा से पहले से ही तीन मंत्री हैं। इसी संभाग से मुख्यमंत्री भी। फिर, राजेश अग्रवाल पहली बार के विधायक हैं। उनका एक ही प्लस है कि उन्होंने उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को 90 वोटों से हराया था।
बहरहाल, तीन मंत्रियों का नाम वायरल होते ही बीजेपी के भीतर पता नहीं देर रात क्या चकरी घूमी कि मंत्रिमंडल विस्तार स्थगित होने की खबरें चलने लगी। आज सुबह स्पष्ट हो गया कि कल 18 अगस्त को शपथ नहीं होगा। जबकि, कल शाम तक 18 अगस्त को सुबह 11 बजे शपथ का टाईम चल रहा था।
बताते हैं, मंत्रियों के नाम पर पार्टी में सहमति नहीं बन पा रही। तीन में से दो-एक नाम पर संशय की स्थिति है। मगर इस बार अगर शपथ ग्रहण नहीं हुआ तो फिर पार्टी की काफी भद पिटेगी। मैसेज ये जाएगा कि बिना किसी होमवर्क के काम किया जाता है सत्ताधारी दल में। लिहाजा, सूत्रों ने तस्दीक की है कि भले एक गजेंद्र यादव का ही क्यों न हो, राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। आखिरी समय पर अगर तीनों नामों पर सहमति बन गई तो फिर कोई बात नहीं, तब तो कंप्लीट हो जाएगा। दरअसल, इससे पहले दो बार कैबिनेट विस्तार टल चुका है। इस बार तो मुख्यमंत्री कल राज्यपाल से मिलकर आ चुके हैं। इसके बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें तेज हुई। भाजपा नेताओं का मानना है कि मुख्यमंत्री को 21 अगस्त को जापान प्रवास पर रवाना होना है, इससे पहले नए मंत्रियों का शपथग्रहण हो जाएगा। भले ही मंत्री एक हों या दो या फिर सभी तीन।