CG Political News: नड्डा ने झीरम में कांग्रेस को लपेटा, तो भड़के भूपेश!, जानिए जांजगीर में क्यों निकला झीरम का जिन्न
CG Political News: जांजगीर चांपा जिले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर हमले किए हैं। अभी यहां की सभी विधानसभा सीटो पर कांग्रेस का कब्जा है, भाषण के जरिए उन्होंने इलाके में भाजपा के लिए फिर से जमीन बनाने के लिए कोशिश की है। नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत के गढ़ में नड्डा ने झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस पर ही प्रहार किया तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भड़क गए हैं।
CG Political News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जांजगीर चांपा में आए थे विष्णु देव सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर जनादेश परब में भाग लेने के लिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उन्होंने खूब पीठ भी थपथपाई। भाषण में करीब 70 प्रतिशत हिस्से में उन्होंने मोदी और साय सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा। साथ ही साय सरकार के जारी रिपोर्ट कार्ड को ऐतिहासिक तक करार दिया। इसके बाद भाषण खत्म करने के ठीक पहले उन्होंने अचानक से विषय बदला और कांग्रेस पर जमकर हमले बोले। झीरम घाटी में नक्सली हमले को याद कर नड्डा ने कांग्रेस नेताओं को घेरने का प्रयास भी किया। अप्रत्यक्ष रूप से उन्होंने कह दिया कि इस हमले के पीछे कुछ कांग्रेस नेताओं का हाथ है। इतना सुनते ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भड़क गए। उन्होंने नड्डा पर पलटवार कर कहा है कि एनआईए को अब भाजपा अध्यक्ष से पूछताछ कर झीरम मामले में सबूत मांगना चाहिए। बघेल ने कहा है कि एनआईए को फिर जांच करनी चाहिए।
नड्डा का यह भाषण अचानक नहीं हुआ है। साय सरकार की तारीफ करने के लिए जांजगीर चांपा को यूं ही नहीं चुना गया था। सियासी समीकरण बना कर ही जगह तय की गई थी और नड्डा का भाषण भी उसी का हिस्सा था। रिपोर्ट कार्ड जारी करने के बाद नड्डा ने साय सरकार की खूब तारीफ की और कहा कि जो कहा गया वो पूरा हुआ ही, साथ ही जो नहीं कहा गया था, वह भी पूरा कर दिया गया है। इसके बाद नड्डा ने आखिरी में कांग्रेस पर हमले करने शुरू किए तो रुके नहीं। भाषण समाप्त होने के ठीक पहले तक कांग्रेस ही भाषण का विषय बना रहा। उन्होंने संसद सत्र के दौरान राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा जाने का जिक्र कर कहा कि संसद सत्र होता है तब राहुल गांधी जर्मनी में जाकर बैठ जाते हैं। फिर वहां उस वक्त भारत के खिलाफ बयान देते हैं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल रहा होता है। एसआईआर में भी कांग्रेस को संसद में मुंह की खानी पड़ी। इसके बाद नड्डा ने कहा कि कांगे्रेस जनता को समझ नहीं सकी है, वह केवल भ्रष्टाचार में डूब गई है। कांग्रेस हमेशा वादा करती है और चुनाव के बाद वादा भूल जाती है, वादा भूल कर फिर चुनाव में आ जाती है। अब कांग्रेस कभी सरकार नहीं बना सकेगी।
कांग्रेस में अपने ही लोगों को मरवो का षडयंत्र
नेशनल के बाद नड्डा सीधे छत्तीसगढ़ में आ गए और अचानक से झीरम घाटी नक्सली हमला को याद कर जमकर कांग्रेस पर प्रहार बोल दिया। उन्होंने कहा कि मैं जिम्मेवारी से कह रहा हूं कि झीरम घाटी की घटना अत्यंत पीड़ादायक थी। नक्सलियों को मजबूत करने के उद्देश्य से बाहर नहीं, बल्कि भीतर से सूचनाएं पहुंचाई जा रही थी, अपने ही लोगों को मरवाने का षडयंत्र किया जा रहा था। उन्होने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस की नक्सलियों से सांठगांठ हो गई थी।
जानिए क्यों हुआ कांग्रेस पर हमला
अब नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत के राजनीतिक गढ़ में क्यों भाजपा अध्यक्ष ने हमला किया, इसका भी सियासी गणित समझ लें। बीते विधानसभा चुनाव में जांजगीर चांपा जिले से भाजपा का सफाया हो चुका है और सभी सीटों पर कांग्रेस के विधायक हैं। डॉ. महंत खुद बीते दो चुनाव से सक्ती विधानसभा सीट से लगातार जीतते आ रहे हैं। जबकि 2013 के विधानसभा चुनाव में यह सीट भाजपा के पास थी और डॉ. खिलावन साहू विधायक थे। इसी तरह जांजगीर सीट पर 2018 में नारायण चंदेल विधायक थे, इस बार उन्हें हरा कर कांग्रेस के व्यास कश्यप विधायक बन गए हैं। जैजेपुर विधानसभा सीट तो तीन चुनावों से भाजपा के हाथ नहीं आ सकी है। अभी कांग्रेस के बालेश्वर साहू विधायक हैं, इससे पहले दो चुनावों में यहां पर बसपा का कब्जा रहा है। अकलतरा विधानसभा सीट 2018 में भाजपा के पास थी और सौरभ सिंह विधायक थे, इस बार यहां से कांग्रेस के राघवेंद्र कुमार सिंह विधायक हैं। पार्टी के जानकारों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लक्ष्य तैयार कर जांजगीर चांपा और सक्ती में अभी से जमीन तैयार की जा रही है। यही कारण था कि एक बड़ी सभा भाजपा ने यहां की है।