भारत जोड़ो की बात काल्पनिक: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वारानंद ने कहा- जोड़ना है तो पाकिस्तान और बांग्लादेश को जोड़ें

NPG News

Update: 2022-12-28 14:17 GMT

रायपुर। ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भारत जोड़ो की बात को काल्पनिक बताया है। उन्होंने कहा कि कल्पनाओं में तोड़ रहे हैं और कल्पनाओं में ही जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश जोड़ने के लिए यात्राएं होनी चाहिए, लेकिन कल्पनाओं में नहीं, बल्कि जो सच में टूटा है, उसे जोड़ें। जोड़ना है तो पाकिस्तान और बांग्लादेश को जोड़ें, जो अलग हो गया है।

राजधानी में चुनिंदा पत्रकारों से चर्चा में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि देश के बंटवारे की जो शर्तें थीं, उसका पालन नहीं हुआ। पहले शर्त थी कि सारे हिंदू भारत में रहेंगे और मुस्लिम पाकिस्तान चले जाएंगे। बंटवारे के समय जब बड़े पैमाने पर हिंसा हुई, तब माउंटबेटन ने नेहरू और जिन्ना से कहा कि आप देश नहीं चला सकते। हम सरकार अपने हाथ में ले लेंगे, तब नेहरू और जिन्ना ने कहा कि जो जहां हैं, वहां रहने के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसे में बंटवारा कहां हुआ। जब हिंदू-मुस्लिम दोनों जगह रह रहे हैं तो बंटवारे की बात क्यों? इसे खत्म करना चाहिए।

देश में दो तरह के हिंदू

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि देश में दो तरह के हिंदू हैं। एक धार्मिक हिंदू और दूसरा राजनीतिक हिंदू। हिंदुत्व की बात करने वाले राजनीतिक हैं। वे राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू की बात करते हैं। हिंदू वह है, जो गंदगी को पसंद न करे, चाहे वह घर हो या बाहर हो। सावरकर ने हिंदुत्व की बात कही थी।

धर्म के लिए धन की जरूरत नहीं

शंकराचार्य ने कहा कि धर्म के लिए धन की जरूरत नहीं है। घर पर पूजा कर लें, प्रदक्षिणा कर लें, प्राणायाम कर लें। इसके लिए कहां धन की जरूरत है। जब धर्म की राह पर चलेंगे तो धन भी आएगा। लक्ष्मीजी धन हैं और विष्णु धर्म हैं। जहां विष्णु होंगे, वहां लक्ष्मीजी तो होंगी ही। धर्म की राह पर चलेंगे तो धन की कभी कमी नहीं आएगी।

Tags:    

Similar News