भाजपा में शामिल हुई ओलिंपिक विजेता साइना नेहवाल, कहा- मोदी ने खेलों को बढ़ावा दिया, उनसे प्रेरित हूं.. दिल्ली में पार्टी के लिए करेंगी प्रचार
नई दिल्ली 29 जनवरी 2019. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को मतदान होना है। इससे पहले भारत की स्टार शटलर साइना नेहवाल भाजपा में शामिल होंगी। न्यूज एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि साइना नेहवाल दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करेंगी। साइना ने 2012 ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था।
साइना बैडमिंटन के सभी बड़े टूर्नामेंट (ओलिंपिक, वर्ल्ड चैम्पियनशिप और वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप) में पदक जीतने वाली इकलौती भारतीय हैं। ओलिंपिक में पदक जीतने वाली वे पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। साइना ने 2014 उबर कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थीं। तब भारत कांस्य पदक जीता था।
वे 2015 वर्ल्ड चैम्पियनशिप में रजत और 2017 में कांस्य जीती थीं। कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके नाम तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक है। उनके नाम एशियन गेम्स में दो कांस्य और एशियन चैम्पियनशिप में तीन कांस्य पदक हैं।
साइना नेहवाल युवा चेहरा हैं। वे युवाओं के लिए रोल मॉडल हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा उनके जरिए युवा वोट को अपने पक्ष में करना चाहती है।