‘सुंदर नहीं दूल्हा, नहीं करूंगी शादी’…. जयमाल के बाद दुल्हन ने किया सात फेरों से इनकार…
कानपूर 15 जुलाई 2021. हैरान कर देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। दरअसल, यहां एक दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन का कहना था कि उसका होने वाला पति सुंदर नहीं है, इसलिए वो उससे से शादी नहीं करेगी। दुल्हन के शादी से इनकार करने पर दूल्हे पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद समझौते का प्रयास होता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली।
थाना क्षेत्र के गांव सरपारपुर नगरिया निवासी युवती की बरात जनपद कन्नौज थाना गुरसहायगंज के गांव रसूलपुर से मंगलवार शाम को आई थी। बरातियों के स्वागत के बाद द्वारचार हुआ। इसके बाद बरातियों ने भोजन किया। वरमाला की रस्म के बाद युवती घर चली गई। इसके बाद उसने दूल्हा सुंदर न होने की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। इससे बरातियों में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे पक्ष के रिश्तेदारों व अन्य लोगों ने युवती के पिता से बात की तो उन्होंने कहा कि वर पक्ष के लोग बेटी के लिए न तो कपड़े लाए और न ही जेवर।
इससे वह शादी नहीं करेंगे। इसके बाद अधिकांश बराती रात में ही वापस हो गए। दूल्हे के परिजन व कुछ रिश्तेदार ही रुके। दोनों पक्षों में खूब कहासुनी हुई। दूल्हे के पिता की सूचना पर बुधवार सुबह पुलिस पहुंची। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। युवती पक्ष की महिलाएं भी ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर थाने पहुंच गईं।
पुलिस ने महिलाओं को समझाकर घर भेज दिया।थाने में दूल्हे के पिता ने कहा कि बरात से पहले गोद भराई हुई थी। उसमें युवती ने उनके बेटे को देखा था, तभी शादी से इनकार कर देती। कपड़े व जेवर वह लेकर आए हैं। वरमाला के समय ही विवाद शुरू कर दिया गया। बुधवार शाम तक दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास होता रहा है। सीओ राजवीर सिंह गौर ने जानकारी से इनकार किया, जबकि थाना पुलिस के मुताबिक लड़की को थाने बुलाया गया था। उसने शादी से इनकार कर दिया। इस पर दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए।