Poonch News: पुंछ में नियंत्रण रेखा पर सर्विस राइफल से गोली चलने से सैनिक की मौत, घटना के बाद जांच जारी

Poonch News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास गुरुवार को दुर्घटनावश गोली लगने से एक सैनिक की मौत हो गई।

Update: 2023-11-23 10:52 GMT

Poonch News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास गलती से गोली चलने से एक जवान की मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान राइफलमैन मधु सिंह के रूप में हुई है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि मेंढर सेक्टर के फगवारी गली में दुर्घटनावश गोली चली, जिसकी चपेट में मधु सिंह आ गए। सिंह राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सेना के अधिकारियों ने बताया कि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि गोली सैनिक की अपनी सर्विस राइफल से चली या किसी सहकर्मी की राइफल से। हादसे के दौरान गोली की आवाज सुनकर अन्य जवान मौके पर पहुंचे तो सिंह खून से लथपथ हालत में पाए गए। उनको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि वह सभी कोणों से जांच कर रही है और पूछताछ की जा रही है।

पिछले महीने हुई थी एक अग्निवीर की मौत

पिछले महीने मेंढर में ही मनकोट इलाके में संतरी के तौर पर तैनात अग्निवीर अमृतपाल सिंह की गोली चलने से मौत हो गई थी। अमृतपाल सिंह की मौत पर भी अधिकारी पुष्टि नहीं कर सकी थी कि गोली उनकी राइफल से चली थी या किसी सहकर्मी की राइफल से। सेना ने अमृतपाल के आत्महत्या करने की बात कही थी। मामले में अमृतपाल को उसके गांव में 'गार्ड ऑफ ऑनर' न दिए जाने पर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था।

Tags:    

Similar News