Pakistan Closes Airspace For India: पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए हवाई क्षेत्र किया बंद, जानिए क्या है इसके मायने?

Pakistan Closes Airspace For India: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए हैं। इसको देखते हुए पाकिस्तान ने भी कई सख्त कदम उठाते हुए भारतीय एयरलाइंसों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।

Update: 2025-04-25 12:37 GMT
Pakistan Closes Airspace For India: पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए हवाई क्षेत्र किया बंद, जानिए क्या है इसके मायने?
  • whatsapp icon

Pakistan Closes Airspace For India: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए हैं। इसको देखते हुए पाकिस्तान ने भी कई सख्त कदम उठाते हुए भारतीय एयरलाइंसों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। पाकिस्तान के इस फैसले का एयर इंडिया और इंडिगो जैसी कई भारतीय एयरलाइंस के यात्रियों पर सीधा असर पड़ेगा। इसमें अधिक यात्रा समय और किराया प्रमुख है। आइए प्रमुख प्रभावों पर नजर डालते हैं।

पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि वह भारतीय एयरलाइनों को अपने हवाई क्षेत्र का उपयोग करने से रोकेगा। इसका मतलब है कि पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का उपयोग भारत में पंजीकृत विमानों के साथ-साथ भारतीय ऑपरेटरों के स्वामित्व वाले या पट्टे पर दिए गए विमानों द्वारा नहीं किया जा सकेगा। इससे भारत से जाने और आने वाली सभी एयरलाइंसों को अपने मार्ग में बदलाव करना पड़ेगा। यह यात्रियों के लिए पहले से अंधिक लंबे और महंगे सफर का कारण बनेगा।

किन उड़ानों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?

पाकिस्तान से इस फैसले से इंडिगो और एयर इंडिया के अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और अकासा एयर की अंतरराष्ट्रीय उड़ाने प्रभावित होंगी। एयर इंडिया की न्यूयॉर्क जाने वाली सीधी उड़ानों को अब यूरोप में रुकना होगा, मुंबई-न्यूयॉर्क की उड़ान AI191 कोपेनहेगन में रुकेगी, जबकि दिल्ली-न्यूयॉर्क की उड़ान AI101 वियना में रुकेगी। इसका मतलब है कि अधिक चालक दल और ईंधन का उपयोग किया जाएगा। भारत से पश्चिम की ओर जाने वाली उड़ानें सबसे ज्यादा प्रभावित होगी।

किराए में कितनी होगी बढ़ोतरी?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वरिष्ठ एयरलाइन अधिकारियों और पायलटों ने बताया कि अब भारत से पश्चिम एशियाई या खाड़ी देशों, यूरोपीय देशों, अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको, यूनाइटेड किंगडम (UK) आदि की ओर जाने वाली सभी उड़ानों के वैकल्पिक मार्ग लेना होगा जो अरब सागर के ऊपर से होगा। इससे यात्रा समय में 2 घंटे तक की बढ़ोतरी होगी। ऐसे में अधिक ईंधन की खपत होने के कारण किराए में 8 से 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की संभावना है।

इन देशों की उड़ानें भी होंगी प्रभावित

पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने से भारत से संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, कतर, ओमान, कुवैत, बहरीन, रूस, जर्मनी, फ्रांस, नीदरलैंड, इटली, स्विटजरलैंड, स्पेन, टर्की, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ग्रीस और यूनाइटेड किंगडम सहित विभिन्न देशों को जाने वाली सभी उड़ानें प्रभावित होंगी। इसी तरह, अमेरिका, कनाडा या मैक्सिको की यात्रा के दौरान यात्रा समय में ज्यादा बढ़ोतरी होगी। इससे यात्रा काफी थकान वाली और जेब पर भारी होने का खतरा बढ़ गया है।

लंदन वाली उड़ान में होगी अधिक परेशानी

दिल्ली से लंदन वाली उड़ान संचालित करने में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा। एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तान होकर लंदन जाने वाली उड़ानों में यात्रा समय करीब साढ़े 9 घंटे का था। अब 2 घंटे और बढ़ने से चालक दल के इंतजाम में परेशानी होगी। अंतरराष्ट्रीय नियमानुसार 10 घंटे से अधिक की उड़ान में 2 पायलट और एक को-पायलट की व्यवस्था करनी होती है। ऐसे में सभी उड़ानों में यह व्यवस्था करना काफी चुनौतीपूर्ण होगा।

पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र बंद करने की घोषणा के बाद एयर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों को कुछ उड़ानों के वैकल्पिक मार्गों से संचालित होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र को बंद करने के कारण उत्तरी अमेरिका, UK, यूरोप और मध्य पूर्व से आने-जाने वाली एयर इंडिया की कुछ उड़ानें वैकल्पिक विस्तारित मार्ग का उपयोग करेंगी। उन्हें यात्रियों को होने वाली इस असुविधा के लिए खेद है, लेकिन यह उनके हाथ में नहीं है।

Tags:    

Similar News