बड़ा हादसा: भरभराकर गिरा मेट्रो पिलर का हिस्सा, एक की मौत, कई घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Maharashtra News: मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया।
मुंबई 14 फरवरी 2026: मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना करीब 12:20 बजे मिली। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव का काम तुरंत शुरू कर दिया गया।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर ट्रैफिक डायवर्ट किया और मौके से मलबा हटाने का काम शुरू किया। फिलहाल, पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि निर्माणाधीन मेट्रो रेल मार्ग के एक खंभे का हिस्सा गिरने से तीन से चार लोगों के घायल हो गए। उन्होंने आगे कहा कि पिलर के सीमेंट का स्लैब टूटकर नीचे खड़े एक ऑटो रिक्शा पर गिर गया, जिससे ऑटो रिक्शा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहीं एक कार भी इसके चपेट में आ गई। हादसे के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर ट्रैफिक डायवर्ट किया। साथ ही पिलर का मलबा हटाया गया।