BMC Mayor Update: BMC में हो गया सत्ता का बंटवारा, कौन बना मेयर, किसे मिला डिप्टी मेयर? जानिए पूरा समीकरण

BMC Power Sharing Explained: बीएमसी चुनाव के बाद मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर बना सस्पेंस अब खत्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की पार्षद रितु तावड़े मुंबई की नई मेयर होंगी

Update: 2026-02-07 07:53 GMT

मुंबई 7 फरवरी 2026: बीएमसी चुनाव के बाद मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर बना सस्पेंस अब खत्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की पार्षद रितु तावड़े मुंबई की नई मेयर होंगी जबकि शिवसेना ने संजय घाड़ी को डिप्टी मेयर पद के लिए नामित किया है। दोनों दलों के इस फैसले के साथ बीएमसी में सत्ता का समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो गया है।

बीएमसी चुनाव नतीजों में बीजेपी ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं। इस तरह गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया और नगर निगम में सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया था।

बीजेपी ने मुंबई मेयर पद के लिए वार्ड 132 से पार्षद चुनी गई रितु तावड़े के नाम की आधिकारिक घोषणा की। वहीं शिवसेना ने डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड 5 से पार्षद बने संजय घाड़ी को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी नेता अमित सातम ने रितु तावड़े के नाम का एलान किया, जबकि शिवसेना नेता राहुल शेवाले ने संजय घाड़ी के नाम की घोषणा की।

11 फरवरी को होंगे मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव

बीएमसी मेयर और डिप्टी मेयर के औपचारिक चुनाव 11 फरवरी को कराए जाएंगे। उससे पहले उम्मीदवारों के नाम तय होने से राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई है और अब औपचारिक मुहर का इंतजार है।

डिप्टी मेयर पद का कार्यकाल बांटने की तैयारी

शिवसेना सचिव संजय मोरे ने बताया कि संजय घाड़ी करीब 15 महीने तक डिप्टी मेयर के रूप में काम करेंगे। इसके बाद पार्टी अन्य पार्षदों को यह जिम्मेदारी सौंप सकती है। शिवसेना की योजना डिप्टी मेयर पद का कार्यकाल बांटकर अपने चार पार्षदों को मौका देने की है।

40 साल बाद मुंबई को मिलेगा BJP का मेयर

बीजेपी के लिए यह एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है। करीब 40 वर्षों बाद पहली बार मुंबई में बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है। रितु तावड़े का नाम बीएमसी मुख्यालय में हुई बीजेपी पार्षदों की अंतिम रणनीतिक बैठक में तय किया गया था।

बीएमसी में सत्ता के इस नए बंटवारे के साथ अब सभी की नजरें 11 फरवरी को होने वाले मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव पर टिकी हैं जहां औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई नगर निगम को नया नेतृत्व मिलेगा।

Tags:    

Similar News