BJP नेता को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों से पीटा: तमाशा देखती रही पुलिस, गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे विधायक...

Update: 2021-11-23 12:26 GMT

लखनऊ 23 नवम्बर 2021. यूपी में फतेहपुर जिले के सदर नगर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी फैजान रिजवी को सोमवार दोपहर नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि ने साथियों के साथ मिलकर लात-घूंसों से जमकर पीटा है। घटना के समय पुलिस मूकदर्शक बनी रही। सीसीटीवी में कैद घटना देखकर विधायक भड़क उठे और कोतवाली में धरने पर बैठ गए।

यह घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल के पास की है. पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय वहां मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही. हमला का आरोप समाजवादी पार्टी के नेता हाजी रज़ा व उनके समर्थकों पर लगा है. पुलिस ने इस मामले में सपा नेता सहित उनके समर्थकों पर बलवा, हत्या के प्रयास और लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है.

वहीं भाजपा नेता पर हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज को देखकर भाजपा के सदर विधायक विक्रम सिंह भड़क गए, जिसके बाद विधायक विक्रम सिंह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. जब देर शाम तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस की कार्रवाई से नाराज भाजपा विधायक समर्थकों के साथ थाना कोतवाली में धरने पर बैठ गए. सदर विधायक विक्रम सिंह ने कहा, 'भाजपा राज में भाजपा के ही कार्यकर्ता समाजवादी गुंडों के द्वारा मारे-पीटे जाएं तो मुझे यह कत्तई बर्दास्त नहीं है. मैंने घटना के तुरंत बाद ही पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई और गिरफ्तारी के लिए निवेदन किया, लेकिन पुलिस अफसरों ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की. तत्काल कार्रवाई न करने के कारण अब यह समस्या है कि मैं तब तक धरने से नहीं हटूंगा, जब तक हमलावर जेल में सलाखों के पीछे नहीं चला जाता है.

पूरी घटना एक होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसमें चेयरमैन प्रतिनिधि अपने साथियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द सभी को पकड़ा जाएगा।


Similar News