भीम आर्मी के चीफ को घेर कर बदमाशों ने चलाई गोली, जानिए कहां लगी है गोली और क्‍या है स्थिति

Update: 2023-06-28 13:47 GMT

लखनऊ। भीम आर्मी के चीफ और आजाद समाज पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चंद्र शेखर आजाद के काफिले पर आज कुछ बदमाशों ने गोली चला दी। घटना सहारनपुर के देवबंद के पास की है। इस हमले में आजाद घायल हो गए हैं।

सहारनपुर के एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने घटना के संबंध में मीडिया को बताया कि चंद्र शेखर आज़ाद के काफिले पर कुछ कार सवार हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की थी। एक गोली उन्हें छूते हुए निकल गई। वे ठीक हैं और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस संबंध में चंद्रशेखर की पार्टी की तरफ से भी एक बयान जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि  सहारनपुर के देवबंद में भीम आर्मी के चीफ व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष पर जानलेवा हमला बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्‍य है। पार्टी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व सख्‍त कार्यवाही के साथ ही अपने राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष को सुरक्षा उपलब्‍ध कराने की मांग की है।

इधर, इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टी उत्‍तर प्रदेश की कानून व्‍यवस्‍था को लेकर योगी सरकार को घेरने में जुट गए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में नेताओं पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वंचित समाज क लिए बहादुरी से लड़ने वाले युवा नेता चंद्रशेखर आजाद पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला उत्‍तर प्रदेश में जंगलराज की हकीकत बयां करता है। सिंह ने हमलावरों पर सख्‍त कार्यवाही की मांग की है।

अखिलेश बोले यूपी में जंगल राज

इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सहारनपुर के देवबंद में आजाद सामाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आज़ाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। बीजेपी राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या होगा? यूपी में जंगलराज!

Tags:    

Similar News