Air India Plane Crash: ये तो कुदरत का करिश्मा है, 10 मिनट की देरी और ट्रैफिक जाम से बच गई भूमि की जान
एयर इंडिया की फ्लाइट में सवार होकर लंदन जाने के लिए गुजरात की भूमि चौहान ने टिकट बुक करा लिया था। अहमदाबाद की ट्रैफिक में फंसने की वजह से वह 10 मिनट देर से एयरपोर्ट पहुंची। 10 मिनट के लिए फ्लाइट मिस हो गई। तब ट्रैफिक समस्या को खूब कोसा भी। भयावह दुर्घटना के बाद वह तो सिहर ही गई थी। जाम में फंसना उसके लिए नया जीवन जैसे हो गया है।
Air India Plane Crash
एयर इंडिया फ्लाइट एआई 171 क्रैश होने से 241 यात्रियों समेत केबिन क्रु मेंबर और दो पायलट ने अपनी जान गंवा दी। भरूच की रहने वाली भूमि चौहान ट्रैफिक जाम में फंसने की वजह से कुछ ही मिनट लेट हुई और फ्लाइट में सवार नहीं हो पाई। जिसकी वजह से उनकी जान बच गई। उन्होंने इसके लिए ईश्वर को धन्यवाद दिया है।
एयर इंडिया का एआई 171 विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए 1 बजकर दस मिनट को उड़ान भरने वाला था। इसके लिए पैसेंजर को कम से कम एक घंटा पहले 12:10 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचकर चेक इन करना था। इस प्लेन में भरूच की रहने वाली भूमि चौहान भी यात्रा करने वाली थी पर 10 मिनिट लेट होने के चलते उन्हें बोर्डिंग नहीं मिला और वह फ्लाइट में नहीं चढ़ पाई। शुरुआत में तो उन्हें इसका खूब अफसोस हुआ और उन्होंने सोचा कि काश समय से पहले आ जाती तो फ्लाइट मिस नहीं होती। उन्होंने इसके लिए अहमदाबाद के ट्रैफिक जाम को भी खूब कोसा पर इसी ट्रैफिक जाम की वजह से उनकी जान जाने से बच गई।
भूमि चौहान भरूच के अंकलेश्वर की रहने वाली है। उनकी दो साल पहले केवल चौहान से शादी हुई है। उनके पति लंदन के ब्रिस्टल शहर में एक बैंक कर्मचारी है। भूमि स्टडी विजा पर यूके चली गई थी। भूमि वहां पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम जॉब भी करती थी। वह पिछले दो सालों से वहीं थी। दो सालों बाद छुट्टियां मनाने भारत आई थी।। भूमि डेढ़ माह से भारत में थी। वह अपने घर अंकलेश्वर में थी। छुट्टियां खत्म होने पर 12 जून को फ्लाइट से वापस जा रही थी।
वापसी के दौरान वह अहमदाबाद के ट्रैफिक में फंस गई। जिसके चलते वह 12 बजकर 20 मिनट में एयरपोर्ट पहुंची। जबकि चेक इन का टाइम 12.10 मिनिट का था। मात्र दस मिनट के लेट होने पर एयर इंडिया के स्टाफ ने इमिग्रेशन और बोर्डिंग की प्रक्रिया हो चुकी है इसलिए आप फ्लाइट में नहीं चढ़ सकती, जिस पर भूमि ने उनसे मिन्नते की। भूमि ने एयर इंडिया के स्टाफ को बताया था कि फ्लाइट नहीं पकड़ने पर उनकी नौकरी जा सकती है।
एयरपोर्ट से वापसी के दौरान भूमि चाय पीने के लिए रुकी और ट्रैवल एजेंट को फोन कर रिफंड लेने के लिए चर्चा कर रही थी ट्रेवल एजेंट ने उन्हें बताया कि अब रिफंड नहीं मिल सकता। इसी समय उन्हें उनके घर अंकलेश्वर से फोन आया कि जिस फ्लाइट में वह जाने वाली थी वह क्रैश हो गया है। भूमि ने बताया कि यह सुनकर उनका शरीर कांपने लगा और वह बात नहीं कर पा रही थी। उनका शरीर सुन्न हो गया। थोड़ी देर बाद नॉर्मल होने पर उन्होंने भगवान को धन्यवाद दिया और सोचा की जरूर कुछ अच्छे कर्म होने की वजह से वह फ्लाइट में सवार नहीं हो पाई और उनकी जान बच गई। इसके बाद भूमि वहीं से मंदिर गई और भगवान को अपनी जान बचाने के लिए शुक्रिया अदा किया। भूमि इसे ईश्वर की असीम अनुकंपा मानती है। सोशल मीडिया में भी भूमि की कहानी जमकर वायरल हो रही है।