मुंबई लॉकडाउन का असर सीरियल ‘साथ निभाना साथिया 2’ की शूटिंग हुई अचानक बंद, कलाकार हुए परेशान

Update: 2021-04-07 01:00 GMT

मुंबई 7 अप्रेल 2021। कोरोना का असर अब मनोरंजन उद्योग पर भी दिखने लगा है। मुंबई में लॉकडाउन के साथ ही ‘साथ निभाना साथिया 2’ की शूटिंग अचानक बंद कर दी गई है। जिसके बाद शो के कलाकार परेशान हो गए हैं।टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, शो को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है। कलाकारों को अभी नहीं पता कि उन्हें कल शूटिंग के लिए आना है या नहीं। सीरियल में कनक देसाई की भूमिका कर रहीं अभिनेत्री आकांक्षा जुनेजा ने कहा कि ‘शहर में अचानक जो कुछ हुआ उससे मैं बेहद हैरान और दुखी हूं। हम अतिरिक्त शूटिंग कर रहे थे क्योंकि वीकेंड पर लॉकडाउन था। हम योजना बना रहे थे कि शुक्रवार तक काम करके अतिरिक्त एपिसोड बना लें। हम सब पूरी तरह तैयार थे। शाम को जब हमने काम खत्म कर लिया और चले गए तो हमारे घर पर फोन आया। हमें पता चला कि शहर बंद है। हमने चर्चा की अब क्या होने वाला है। हमें नहीं पता कि हम कल शूटिंग कर रहे हैं या नहीं।‘


आकांक्षा आगे कहती हैं कि ‘किसी को कुछ पता नहीं है। यह बिना जानकारी के लॉकडाउन है। किसी को नहीं पता कि यह कितना लंबा चलेगा और कब खत्म होगा। प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि जब उन्हें अधिकारियों से कोई जानकारी मिलेगी तो वे हमें बता देंगे। हम जानते थे कि कुछ जगहों पर लॉकडाउन है और हम यही बात कर रहे थे। मैं हैरान हूं। हमने छह महीने पहले ही शुरू किया था।’ बता दें कि लॉकडाउन की वजह से पिछले साल शो को बंद कर दिया गया था। बीते साल अक्टूबर में फिर से यह प्रसारित हुआ। शो की शुरुआत में देवोलीना भट्टाचार्जी और रुपल पटेल नजर आई थीं। उन्होंने अन्य किरदारों से परिचय कराया था।

Tags:    

Similar News