Palak Kafli Recipe: पहाड़ी व्यंजन पालक की कफली ट्राई करें, सादे चावल के साथ लगेगी जबरदस्त
Palak Kafli Recipe: पहाड़ी व्यंजन पालक की कफली ट्राई करें, सादे चावल के साथ लगेगी जबरदस्त
Palak Kafli Recipe: आज इंटरनेट की मदद से देश के कोने-कोने की रेसिपी पूरा इंडिया ट्राई कर रहा है। तो आइये हम भी एक बेहद फेमस पहाड़ी रेसिपी ट्राई करते हैं और बनाते हैं पालक की कफली। उत्तराखंड की 'पालक की कफली' आपके खाने का ज़ायका बदल देगी। केवल सादे चावल के साथ आप इस पालक की कफली का मज़ा लें और देखें कि कैसे कंप्लीट मील का सुख मिलता है। तो चलिये बनाते हैं विंटर स्पेशल रेसिपी पालक की कफली।
पालक की कफली की सामग्री
- पालक - 400 ग्राम
- हरी मिर्च - 3
- लहसुन - 8-10 कली
- प्याज-2,बारीक कटे
- खड़ा धनिया - 1 टेबल स्पून
- हल्दी-1/2 टी स्पून
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 टी स्पून
नमक-स्वादानुसार
- जीरा-1 टी स्पून
- राई-1/2 टी स्पून
- सूखी लाल मिर्च - 2
- हींग-2 चुटकी
- बेसन-2 टेबल स्पून
- पानी-4 कप
- सरसों का तेल-2-3टेबल स्पून
पालक की कफली ऐसे बनाएं
1. सबसे पहले पालक को 3 से 4 बार पानी से खूब अच्छी तरह धो लें। अब इसे मोटा-मोटा काट लें।
2. अब खल-बट्टे में धनिया के बीज कूटें। इसके साथ ही हरी मिर्च और लहसुन डाल कर कूट लें। अब सूखे मसाले डालें। ज़रूरत अनुसार आप थोड़ा पानी डाल सकते हैं। इन्हें भी साथ में कूट लें। कुटे हुए मसाले को एक कटोरी में निकाल लें।
3. अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें राई और फिर जीरा चटकाएं। अब खड़ी लाल मिर्च और हींग डालें।
4. फटाफट से बारीक कटा प्याज डालें और प्याज के हल्के भूरे होने तक पकाएं।
5. अब कूटा हुआ तैयार मसाला डालें और 2 मिनट तक भूनें। अब कटी हुई पालक डालें। नमक एड करें , चलाएं और चार-पांच मिनट पकाएं।
6. अब चार कप पानी एड करें। ये न सोचें कि कफली बहुत पतली हो जाएगी। अभी हम इसे बेसन की स्लरी के साथ पकाएंगे जिससे इसमें गाढ़ा पन आएगा।
7. स्लरी के लिए एक कटोरे में बेसन लें और इसमें थोड़ा पानी डालकर घोल बनाएं। इसे कड़ाही में पलट दें। चलाएं और धीमी आँच पर 20 मिनट तक पकने दें।पहाड़ी रेसिपी पालक कफली तैयार है। गर्मागर्म चावल के साथ इसका आनंद लें।