बोलिविया में बड़ा विमान हादसा : वायुसेना का हरक्यूलिस विमान हाईवे पर गिरा, 15 की मौत, चारों तरफ बिखरे नोट...

Bolivia Plane Crash : दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास शुक्रवार को एकविमान हादसा हुआ. जिसमें वायुसेना का एक विशालकाय हरक्यूलिस विमान C-130 उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद अनियंत्रित होकर हाईवे पर जा गिरा. इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों वाहन मलबे में तब्दील हो गए. यह विमान केंद्रीय बैंक के नए नोटों की खेप लेकर जा रहा था, जिसके चलते क्रैश के बाद पूरे हाईवे पर नोट बिखर गए.

Update: 2026-02-28 02:24 GMT

Bolivia Plane Crash Hercules C-130 : बोलिविया : दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया से बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है. राजधानी ला पाज के पास एल आल्टो इलाके में बोलिवियन वायुसेना का एक विशालकाय हरक्यूलिस मालवाहक विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा इतना भीषण था कि विमान रनवे से फिसलकर सीधे व्यस्त हाईवे पर जा पहुंचा, जिससे वहां चल रहे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर के अनुसार, इस हृदयविदारक घटना में 15 लोगों की जान जा चुकी है. जबकि 30 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, वायुसेना का यह कार्गो विमान शुक्रवार को रूटीन उड़ान पर था. जैसे ही इसने रनवे छोड़ा, तकनीकी खराबी के कारण यह अनियंत्रित होकर पास के एल आल्टो हाईवे पर जा गिरा. हाईवे पर तेज रफ्तार में चल रही गाड़ियां इस विशाल विमान की चपेट में आ गईं. बताया जा रहा है कि विमान की टक्कर से लगभग 15 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. स्थिति इतनी भयावह थी कि कई गाड़ियां मलबे में तब्दील हो गईं. फिलहाल प्रशासन यह स्पष्ट करने में जुटा है कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या फिर वे हाईवे पर अपनी गाड़ियों में जा रहे राहगीर थे.


नोटों की बारिश और मलबे का मंजर

इस दुर्घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि यह विमान बोलिविया के केंद्रीय बैंक की नई करेंसी की खेप लेकर दूसरे शहरों की ओर जा रहा था. विमान के क्रैश होते ही उसमें भीषण आग लग गई, लेकिन साथ ही बड़ी मात्रा में नए नोट पूरे हाईवे और एयरपोर्ट के आसपास बिखर गए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि जलते हुए मलबे के बीच लाखों की नकदी सड़क पर पड़ी है.

जैसे ही स्थानीय लोगों को नोटों के बिखरने की खबर मिली, सैकड़ों की तादाद में लोग वहां जमा हो गए. हालात इतने बिगड़ गए कि बिखरे नोटों को बचाने के लिए पुलिस को सख्त बल और भीड़ को काबू करने वाले विशेष सुरक्षा घेरे का इस्तेमाल करना पड़ा.

जांच और राहत कार्य

हादसे के तुरंत बाद दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद विमान में लगी आग पर काबू पाया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने एयरपोर्ट की सभी उड़ानों को फिलहाल के लिए रोक दिया है.

बोलिवियाई सरकार ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. वायुसेना इस बात का पता लगा रही है कि क्या विमान में कोई तकनीकी खराबी थी या फिर कोई चूक के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ. फिलहाल पूरा इलाका छावनी में तब्दील है और नोटों की बरामदगी का काम जारी है.


अमेरिका विमान हादसा  2025 

अमेरिका के लुईसविले में भी 2025 में बड़ा विमान हादसा हुआ था, जहां UPS कंपनी का एक कार्गो प्लेन उड़ान भरते ही भीषण धमाके के साथ क्रैश हो गई थी. लुईसविले इंटरनेशनल एयरपोर्ट से होनोलूलू के लिए उड़ान भरते समय हुए हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी. और 11 लोग घायल हुए थे. मरने वालों में 4 लोग ऐसे थे जो विमान में सवार नहीं थे, बल्कि जमीन पर इसकी चपेट में आ गए थे. अधिकारियों के अनुसार, विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था.

यह दुर्घटनाग्रस्त विमान मैकडॉनेल डगलस MD-11 मॉडल का था, जिसे 1991 में बनाया गया था. हालांकि यह विमान भारी सामान ढोने की अपनी जबरदस्त क्षमता के लिए मशहूर है, पहले यह यात्री विमान के रूप में इस्तेमाल होता था, जिसे बाद में कार्गो प्लेन में बदल दिया गया था. 

Tags:    

Similar News