घर में लगी आग: स्कूटी, फर्नीचर सहित तीन तोते जलकर खाक… हुआ लाखों का नुकसान..
धमतरी 28 अगस्त 2021. नगर पंचायत नगरी के वार्ड नंबर 8 में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से लाखों का नुकसान हो गया है. घटना के वक्त जब पीड़ित ने पंचायत उपाध्यक्ष को फायर ब्रिगेड भेजने के लिए फोन लगाया तो दमकल की गाड़ी में एक भी ड्रायवर मौजूद नहीं था. जैसे तैसे ड्रायवर फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पास पहुंचा तो वाहन में डीजल और प्रेशर नहीं था. इस वजह से आग बुझाने में काफी देर हो गई और घर में रखी स्कूटी, फर्नीचर सहित तीन तोते जलकर खाक हो गये.
मोहल्ला वासियों का कहना है कि अति आवश्यक सेवा का नगर पंचायत में काफी बुरा हाल है. फायर ब्रिगेड के इंतजार में पूरा घर जलकर खाक हो गया. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.
वहीँ CMO मोनेन्द्र साहू ने कहा कि, डीजल के लिए पर्ची दे दी गई थी. डीजल कम था ऐसा मेरे को जानकारी है. डीजल प्रभारी नगर पंचायत नगरी के इंजीनियर जो कि 2 दिन से बाहर हैं उनके आने पर ही पूरी जानकारी हो पाएगी…वहीँ इस मामले में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजय नाहटा ने कहा कि, हमारे लिए दुर्भाग्य की बात है जिम्मेदार पर कार्रवाई होना चाहिए …व्यवस्था दुरुस्त हो इस पर हम पूरा ध्यान देंगे…