Durga Ashtami Bhog Recipe: अष्टमी के दिन 'मां महागौरी' को लगाएं ये भोग; माता को पसंद है ये स्वादिस्ट पकवान, जानें इसकी रेसिपी
Durga Ashtami Bhog Recipe: शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन माता महागौरी की पूजा और कन्याओं को भोजन कराया जाता है, जिसके बाद लोग अपना व्रत खोलते है। कन्याओं को भोजन कराने के लिए अलग-अलग तरह की स्वादिष्ट और सात्विक चीजें बनाते हैं, लेकिन इससे पहले ये प्रसाद माता को चढ़ाया जाता है। आप इन चीजों का भोग लगाकर माता को प्रसन्न कर सकते है, तो आइये जानते है इसकी रेसिपी....
Shardiya Navratri Durga Ashtami Bhog Recipe
Sharadiya Navratri 2025: शारदीय नवरात्रि में महाअष्टमी का दिन बेहद खास होता है। इस दिन माता दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा की जाती है और साथ ही कन्या पूजन का भी विधान है। मान्यता है कि, इस दिन व्रत रखने वाले लोग कन्याओं को भोजन कराने के बाद ही अपना व्रत खोलते हैं। कन्याओं को खिलाने के लिए और माता को भोग लगाने के लिए लोग तरह-तरह के सात्विक और स्वादिष्ट पकवान बनाते हैं।
आमतौर पर लोग हलवा, पूड़ी और चने बनाते हैं, लेकिन आप चाहें तो इस बार आप कुछ अलग और जल्दी बनने वाली मीठी चीजें भी बना सकते हैं, जो कन्याओं और परिवार के सभी सदस्यों को बहुत पसंद आएंगी। आइए जानते हैं, नारियल का हलवा, मखाना खीर और मालपुआ बनाने की आसान विधियाँ, जिन्हें आप माता को भोग लगाकर उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं।
1. नारियल का हलवा: नारियल की बर्फी तो सभी खाते हैं, पर इसका गरमा-गरम हलवा भी बहुत स्वादिष्ट लगता है।
कैसे बनाएं: एक कढ़ाई में घी गर्म करें। उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और धीमी आँच पर 4-5 मिनट तक भूनें। जब हल्की खुशबू आने लगे और रंग थोड़ा बदल जाए, तो समझ लें कि नारियल भुन गया है। अब इसमें दूध डालकर नारियल के साथ अच्छे से मिलाएं और गाढ़ा होने तक पकाएं। फिर चीनी डालकर लगातार चलाते रहें। चीनी घुलने के बाद हलवा गाढ़ा होने लगेगा। जब कढ़ाई से घी अलग होने लगे, तो गैस बंद कर दें। कटे हुए मेवे डालकर गरमा-गरम या ठंडा, जैसे आपको पसंद हो, वैसे परोसें।
2. मखाना खीर: यह खीर हल्की और पौष्टिक होती है, और झटपट बन जाती है।
कैसे बनाएं: एक तवे या पैन में घी गर्म करें और उसमें मखाने डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। अब एक दूसरे पैन में दूध डालकर धीमी आँच पर उबालें। जब दूध में उबाल आ जाए, तब भुने हुए मखाने इसमें डाल दें। दूध को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह बर्तन में न चिपके। जब दूध पक कर आधा रह जाए, तब उसमें चीनी डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। अब इसमें बारीक कटे हुए मेवे डालकर कुछ मिनटों तक पकाएं और फिर सर्व करें।
3. मालपुआ: मालपुआ महाअष्टमी के भोग और कन्या पूजन के लिए एक परफेक्ट मीठा व्यंजन है।
कैसे बनाएं: एक बड़े बर्तन में मैदा और बेसन (अगर आप डालते हैं) मिलाएं। अब उसमें दूध और पानी डालकर अच्छे से फेंट लें ताकि कोई गुठली न रहे। घोल को गाढ़ा रखना है, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। अगर आप खोया डाल रहे हैं, तो उसे भी घोल में मिला लें। इस घोल को थोड़ी देर के लिए रख दें ताकि वह सेट हो जाए। चाशनी बनाने के लिए: एक पैन में चीनी और पानी (करीब 1/4 कप) डालकर धीमी आँच पर चीनी घुलने तक पकाएं।
अब एक कढ़ाई में तेल या घी गरम करें। गरम घी में घोल डालकर गोल शेप में मालपुआ तलें। धीमी आँच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। तले हुए मालपुआ को तुरंत गरम चाशनी में डालें और कुछ सेकंड के लिए डुबोने के बाद बाहर निकाल लें। गरमा गरम मालपुआ को सूखे मेवे या पिस्ता से सजा कर सर्व करें।
नोट:- आपको बता दें कि, मां महागौरी को नारियल का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है, इसलिए आप ऊपर बताए गए नारियल के हलवे या फिर नारियल के लड्डू का भोग भी उन्हें लगा सकते हैं। नारियल के लड्डू बनाने की विधि भी बहुत आसान होती है और ये भोग के बाद प्रसाद के रूप में बांटने के लिए भी उत्तम होते हैं। यह पवित्र भोजन भक्ति, कृतज्ञता और एक साझा पवित्रता का प्रतीक है, जो आपके विश्वास को मजबूत करेगा और समृद्धि लाएगा।