इन बड़े टूर्नामेंट पर भी पड़ा कोरोना का साया, कई टले तो कुछ हुए रद्द..

Update: 2020-03-11 08:32 GMT

कोरोनावायरस के दुनिया भर में अब तक एक लाख से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि इस वायरस के चलते 3000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इसकी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय व्यापार कार्यक्रम रद्द हो चुके हैं। इसका पर्यटन के साथ-साथ खेल पर भी बुरा प्रभाव पड़ा है।

आमतौर पर स्पोर्ट्स के सारे इवेंट तय होते हैं। तय समय के मुताबिक इसका आयोजन भी होता है, लेकिन इस खतरनाक वायरस ने सारे इवेंट को तितर बितर कर रख दिया है। ऐसे में निश्चित तौर पर खिलाड़ियों की तैयारी पर गहरा प्रभाव पड़ता है। साथ ही साथ आयोजकों पर भी इसका बुरा असर पड़ता है।

आखिर दिल्ली की कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 15 मार्च से होने वाला राइफल, पिस्टल, शॉटगन शूटिंग विश्व कप कोरोनावायरस की भेंट चढ़ गया। इंटरनेशनल शूटिंग स्पोट्र्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) की ओर से इस विश्व कप को अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दिया गया है।

आईएसएसएफ ने 16 अप्रैल से टोक्यो में होने वाली ओलंपिक टेस्ट इवेंट को भी रद्द कर दिया गया। यह इवेंट उसी शूटिंग रेंज में होनी थी जहां ओलंपिक के मुकाबले आयोजित किए जाने हैं।

वर्ल्ड बैडमिंटन फेडरेशन ने (बीडब्लूएफ) ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) को इंडियन ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट खाली स्टेडियम में कराने का विकल्प दिया है। फेडरेशन भी मानकर चल रही है कि अगर टूर्नामेंट होगा तो खाली स्टेडियम में ही कराना पड़ेगा। स्टेडियम में लोगों को बुलाने का जोखिम नहीं लिया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो देश के इतिहास में संभवत: यह पहला मौका होगा जब खाली स्टेडियम में ख्याति प्राप्त अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित होगा। हालांकि कोरोना वायरस को लेकर जिस तरह की स्थितियां बन पड़ी हैं। उसमें फेडरेशन के पास टूर्नामेंट को रद्द करने का विकल्प भी है।

एशियन नौकायन चैंपियनशिप कोरोनावायरस के कारण टाल दी गई। एशियन नौकायन महासंघ (एसीसी) ने इसकी जानकारी दी। यह चैंपियनशिप थाइलैंड के पटाया शहर में आयोजित होनी थी। टूर्नामेंट का आयोजन 26 से 29 मार्च तक होना था, लेकिन अब इसे अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसबी) और स्ट्रासबर्ग के बीच होने वाला फ्रेंच लीग-1 का मुकाबला कोरोनावायरस के कारण टाल दिया गया। फ्रेंच फुटबॉल लीग ने इसकी पुष्टि की। यह मुकाबला स्ट्रासबर्ग के घरेलू मैदान अल्सासे में होना था। यह पहला ऐसा फ्रेंच लीग मुकाबला है, जिसे कोरोना वायरस के कारण टाला गया है।

कोरोनावायरस के चलते खेल यहां के मंत्री विनसेन्जो स्पाडाफोरा ने फुटबॉल लीग सीरी-ए रद्द करने को कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, इटेलियन फुटबॉल फेडरेशन (एफआईसीजी) को तत्काल सीरी-ए लीग को रोक देना चाहिए।

अमेरिका के कैलिफोर्निया में होने वाला इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट को भी कोरोनावायरस के चलते फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
  • ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप पर कोरोना का कहर
एच एस प्रणय सहित कई भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अगले सप्ताह होने वाली ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटने का फैसला किया है। उनके अलावा चिराग शेट्टी और सत्विकसाईराज रंकीरेड्डी की दुनिया की 10वें नंबर की पुरूष जोड़ी ने भी अपने नाम वापस लिए हैं। यह सत्र का पहला विश्व टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट है जो 11 मार्च से शुरू होना है। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप टोक्यो 2020 क्वालीफिकेशन के लिए काफी अहम है। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) के सचिव अजय सिंघानिया ने पीटीआई से कहा कि कुछ खिलाड़ियों ने बाई को लिखा और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया।
Tags:    

Similar News