CG ये हैं कमाल के बच्चे: स्पीड रीडिंग और मेंटल मैथ्स प्रतिस्पर्धा में तीन बार टाई ब्रेकर, सूरजपुर के गौतम ने ऐसे मारी बाजी
रायपुर। राजधानी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय व्यक्तित्व विकास प्रतियोगिता के अंतर्गत स्पीड रीडिंग और मेंटल मैथ्स प्रतिस्पर्धा में गुरुवार को कमाल का नजारा देखने को मिला। दो प्रतियोगियों के बीच तीन दौर का टाई ब्रेकर कराना पड़ा। आखिरकार सूरजपुर के गौतम ने बाजी मार ली।
राज्य स्तरीय व्यक्ति विकास प्रतियोगिता में पांचों संभाग के विजेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदेश के विद्यालयों में चल रहे एफएलएनके प्रगति को आंकलन करते हुए स्पीड रीडिंग, स्पीड गणित और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण स्पीड गणित प्राथमिक श्रेणी का टाई ब्रेकर रहा, जहां सूरजपुर के गौतम यादव ने बाजी मारी। ग्रुप लेवल के मेंटल गणित प्रतिस्पर्धा में सूरजपुर से गौतम यादव और दुर्ग जिले के सत्यम साहू समान अंक पर रहे। ऐसी स्थिति में टाईब्रेकर का आयोजन किया गया, जहां सत्यम साहू ने उन्हें कड़ी चुनौती दी और पुनः दोनों प्रतिभागी समान स्थान पर रहे।
इस दौरान सभागार में उपस्थित सभी अन्य प्रतिभागियों में एक विजयी प्रतिभागी को देखने की उत्सुकता बढ़ गई। इसके बाद फिर से एक और टाईब्रेकर का आयोजन हुआ, जिसका परिणाम भी समान रहा, तब आयोजकों द्वारा अतिरिक्त मिशन संचालक केसी काबरा को एक रैपिड फायर प्रश्न पूछने के लिए अनुरोध किया गया। काबरा ने पूछा, एक से सत्तर के बीच में कुल कितने विषम संख्या होते हैं? प्रश्न के बाद दोनों बच्चे बेहद शांति से उत्तर की तलाश में थे कि गौतम की ओर से जवाब आया 35। यह सुनकर ऑडिटोरियम में उत्साह की लहर दौड़ गई, क्योंकि यह सही जवाब था। इसी तरह गौतम को मेंटल गणित प्राथमिक स्तर का विजेता चुना गया।
बाद में जब गौतम यादव से कार्यक्रम संचालक ने पूछा कि इस प्रश्न का हल उन्होंने कैसे किया? तो उसने सरलता से जवाब दिया, "मैंने सोचा कि यदि 10 में 5 विषम संख्या होते हैं, तो सत्तर में कितने होंगे? और मुझे सही जवाब पता चल गया। यह अवसर विशेष इसलिए रहा, क्योंकि प्राथमिक श्रेणी के मेंटल गणित जैसी विधा में 3 टाईब्रेकर राउंड के बाद विजेता का चयन हो पाया।