CG Teacher News: 12 अप्रैल को दुर्ग में जुटेंगे हजारों शिक्षक, शिक्षामंत्री की मौजूदगी में होगा टीचर्स एसोसिएशन का प्रांतीय सम्मेलन, इन मांगों पर होगी चर्चा

CG Teacher News: छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर प्रांतीय महासम्मेलन का आयोजन किया है। एसोसिएशन ने बताया कि यह सम्मेलन में शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में होगा।

Update: 2026-04-07 13:54 GMT

CG Teacher News: रायपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में प्रांतीय महासम्मेलन का आयोजन किया है। यह सम्मलेन खालसा पब्लिक स्कूल मालवीय नगर चौक दुर्ग में 12 अप्रैल को होगा। इस सम्मेलन में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। यह आयोजन शिक्षकों की लंबित मांगों, पेंशन की विसंगतियों, शिक्षक सम्मान और शिक्षा की गुणवत्ता पर केंद्रित होगा।

टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि शिक्षा मंत्री के पहल पर लगातार हो रही पदोन्नति और टीईटी (TET) के मुद्दे पर शिक्षकों के पक्ष में दिए गए शिक्षा मंत्री के सकारात्मक बयानों से शिक्षक वर्ग में उत्साह है, इस हेतु सम्मेलन में शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया जाएगा, साथ ही, सेवानिवृत्त एल.बी. संवर्ग के शिक्षकों का गरिमामय सम्मान किया जाएगा।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा के निर्देश में जिला दुर्ग के प्रांतीय पदाधिकारी जयंत यादव, जिला अध्यक्ष शत्रुहन साहू, किशन देशमुख, वीरेंद्र वर्मा, महेश चंद्राकर, राजेश चंद्राकर, रोहित देशमुख, चंद्रहास साहू, सतीश यादव, बसंत यादव ने शिक्षा मंत्री से मुलाकात करके प्रांतीय सम्मेलन में मुख्य आतिथ्य स्वीकार करने का आग्रह किया था, जिस पर शिक्षा मंत्री द्वारा 12 अप्रैल को दुर्ग में प्रांतीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति दी गई है।

प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना

वर्तमान में पेंशन हेतु सेवा की गणना संविलियन तिथि (1 जुलाई 2018) से की जा रही है, जिससे 2028 से पूर्व सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक पुरानी पेंशन से वंचित हो रहे हैं। मांग है कि पूर्व सेवा अवधि को जोड़कर प्रथम नियुक्ति से पेंशन दी जाए।

20 वर्ष में पूर्ण पेंशन- भारत सरकार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 33 वर्ष के स्थान पर 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पेंशन (अंतिम वेतन का 50%) का प्रावधान किया जाए।

न्यायालय के निर्णयों का पालन

उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए पूर्व सेवा अवधि को पेंशन योग्य सेवा मानने का आग्रह किया जाएगा।

सेवानिवृत्ति आयु और पदोन्नति: शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, क्रमोन्नति/समयमान वेतनमान प्रदान करने और प्राचार्य, व्याख्याता, प्रधान पाठक व शिक्षक के रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति की मांग की जाएगी।

प्रशिक्षण एवं पात्रता- विभागीय टीईटी (TET) परीक्षा और विभागीय डी.एड./बी.एड. की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया जाएगा।

शिक्षा गुणवत्ता का संकल्प 

सम्मेलन में प्रदेश भर से आए शिक्षक "शिक्षा गुणवत्ता" बनाए रखने हेतु सामूहिक संकल्प लेंगे।

सम्मेलन में रहेगी भारी उपस्थिति 

इस प्रांतीय सम्मेलन में प्रदेश भर के प्रांतीय पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, संकुल पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में शिक्षक सदस्य शामिल होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।

शिक्षा गुणवत्ता के लिए सभी शिक्षक लेंगे संकल्प

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, बसंत चतुर्वेदी, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेन्द्र यदु, कोमल वैष्णव, मुकेश मुदलियार, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र परिक ने कहा है कि प्रथम नियुक्ति से पेंशन मुख्य एजेंडा रहेगा,महासम्मेलन के दौरान शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री को मांग पत्र सौंपेंगे।

Similar News