बिलासपुर। स्कूल के छत की प्लास्टर गिरने से प्रधान पाठिका घायल हो गई। घटना कल दोपहर दो से ढाई बजे के बीच की हैं। प्रधान पाठिका के अलावा दुर्घटना में कोई घायल नही हुआ है।
घटना शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिंधी कॉलोनी जरहाभाठा की है। कल स्कूल में शनिवार होने की वजह से बस्ता फ्री दिवस था। अर्थात कल बच्चे बिना बस्ते के स्कूल पहुँचे थे। सारे शिक्षक बच्चो को मैदान में लेकर विभिन्न खेल गतिविधियां करवा रहे थे। प्रधान पाठिका निर्मला भास्कर स्कूल के दफ्तर में कुछ काम कर रही थी। तभी स्कूल की छत का प्लास्टिक भरभरा कर गिर पड़ा। जिसकी चपेट में आकर प्रधान पाठिका घायल हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल में ले जाकर भर्ती करवाया गया है।
अस्थाई भवन में लग रहा स्कूल:-
स्कूल का मूल भवन कस्तूरबा नगर में कब्रिस्तान के सामने है। यहां रिपेयरिंग कार्य के चलते सिंधी कालोनी में नगर निगम के भवन में स्कूल संचालित किया जा रहा हैं। यहां नीचे के मंजिल में निगम की दुकाने हैं तो वही ऊपर के मंजिल में स्कूल लगाया जाता है। यहां बच्चो के बैठने के लिए जगह नही होने के चलते ठूस ठूस कर बच्चे बैठाए जाते हैं। स्कूल भवन में जगह जगह सीपेज भी हो रहा हैं। एक शिक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शाला का मूल भवन बन कर तैयार हो गया है फिर भी उदघाटन न होने के चलते उसे स्कूल को हैंडओवर नही किया जा रहा है। शिक्षक ने कहा कि छत पूरी तरह सीलन से भरा हुआ है।जिससे कभी भी कोई भी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती हैं। इसलिए शासन को चाहिए कि एसे भवनों में स्कूल न लगाई जाए।