NPG से बोले डॉक्टर रमन सिंह “बीस महीनों का कुशासन.. मरवाही में भाजपा की जीत का सबब बनेगा.. चुनाव के वक़्त आना जाना लगा रहता है.. कोई फ़र्क़ नही पड़ता”

Update: 2020-10-15 11:33 GMT

बिलासपुर,15 अक्टूबर 2020। प्रदेश में भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की मौजुदगी में भाजपा ने नामांकन दाखिल कर दिया।हालाँकि इस नामांकन के बाद जबकि प्रेस वार्ता शुरु ही होने वाली थी, अर्चना पोर्ते के कांग्रेस प्रवेश की तस्वीरों और वीडियो ने मोबाईलों के व्हाट्सएप मैसेज की घंटियों के शोर ने भाजपा को क्षणिक ही सही पर परेशान कर दिया। हालाँकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने मुस्कुराहट की चिर परिचित शैली से आश्वस्त रहने के संकेत दिए।
नामांकन के बाद वापस लौटते हुए डॉ रमन सिंह से NPG ने चर्चा के दौरान मरवाही में जीत का दावा किया और कहा
“बीस महीनों का शासनकाल जो कि कुशासन ही है, झूठे वायदे, वो वायदे जिनके आधार पर वोट हासिल किए गए पर पूरे किए ही नहीं गए, यह मरवाही में भाजपा की जीत का आधार बनेगा”
मरवाही में विकास के नाम पर सिफ़र के हासिल पर जबकि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से सवाल हुआ कि, इसके लिए क्यों ना भाजपा के पंद्रह बरस के कार्यकाल को जवाबदेह माना जाए,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा –
“मरवाही में सड़कों का जाल बिछाया गया था, शिक्षा स्वास्थ्य आवास सभी क्षेत्रों में काम किया गया, बीस महिनों के कार्यकाल में सड़क की रिपेयरिंग नहीं करा पाए.. स्कुल की बिल्डिंग तक नहीं दे पाए.. शिक्षक नही दे पाए.. योजनाओं का लाभ नहीं दे पाए तो जवाबदेही किसकी हुई”
मरवाही की राजनीति के जादुई चेहरा रहे डॉ भँवर सिंह पोर्ते की बिटिया अर्चना पोर्ते के कांग्रेस प्रवेश के मसले पर डॉ रमन सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा
“ राजनीति में ख़ासकर चुनाव के समय
दल बदल .. आना जाना होता रहता है.. संगठन को फ़र्क़ नहीं पड़ता.. जनता भी देखती है कौन क्या कर रहा है.. क्यों कर रहा है”

Tags:    

Similar News