World Bicycle Day 2024: बस हर दिन 30 मिनट साइकिलिंग से आप रहेंगे निरोग, जानिए विश्व साइकिल दिवस का इतिहास और महत्व

3 जून को दुनिया World Bicycle Day मना रही है। आज हम आपको बताएंगे कि कब से इस दिन को मनाने की शुरुआत हुई, साथ ही इसका क्या महत्व है।

Update: 2024-06-03 12:25 GMT

रायपुर। 3 जून को दुनिया 'विश्व साइकिल दिवस' मनाती है। साइकिल चलाना शरीर के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे हमारा स्वास्थ्य तो अच्छा रहता ही है, हम मानसिक रूप से भी ज्यादा एक्टिव होते हैं। हर दिन आधे घंटे साइकिल चलाने से वजन नियंत्रित रहता है, कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में रहता है, साथ ही पैरों की मांसपेशियां मजबूत रहती हैं।

साइकिलिंग जहां स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, वहीं इससे पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचता। आज सड़कों पर अंधाधुंध भाग रही गाड़ियों के चलते वायु प्रदूषण अपने चरम पर है और लोग बीमार पड़ रहे हैं, जबकि साइकिल से कोई पॉल्यूशन नहीं होता।

विश्व साइकिल दिवस मनाने के पीछे का इतिहास

विश्व साइकिल दिवस का विचार पोलिश-अमेरिकी सामाजिक वैज्ञानिक प्रोफेसर लेस्ज़ेक सिबिल्स्की ने प्रस्तावित किया था। इन्होंने इसके लिए जमीनी स्तर पर अभियान शुरू किया था। तुर्कमेनिस्तान और 56 अन्य देशों के समर्थन से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अप्रैल 2018 में घोषणा की कि विश्व साइकिल दिवस हर साल 3 जून को मनाया जाएगा।


संयुक्त राष्ट्र ने साइकिल के महत्व को किया था रेखांकित

संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि 'विश्व साइकिल दिवस साइकिल के उपयोग के लाभों की ओर हमारा ध्यान खींचता है। ये एक सरल, सस्ता, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से उपयुक्त स्थायी परिवहन का साधन है। साइकिल स्वच्छ हवा और कम भीड़भाड़ में योगदान देती है और सबसे कमजोर आबादी के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य सामाजिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाती है। ये एक स्थायी परिवहन प्रणाली है, जो आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देती है, असमानताओं को कम करती है और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करती है, जो सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण है।'


साइकिल चलाने के लाभ

  • साइकिल बेस्ट वेट लॉस एक्सरसाइज है।
  • साइकिल चलाने से आपके पैर मजबूत होंगे।
  • साइकिल चलाने से शरीर के निचले हिस्से की कार्यप्रणाली में सुधार होता है।
  • जोड़ों पर अधिक दबाव डाले बिना पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
  • साइकिल चलाने से कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार होता है।
  • इससे दिल स्वस्थ रहता है और हार्ट अटैक की संभावना कम होती है।

अध्ययन बताते हैं कि घर के अंदर साइकिल चलाने से कोलेस्ट्रॉल पर पॉजिटिव इफेक्ट पड़ता है। ये एलडीएल (खराब) कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कम करते हुए एचडीएल (अच्छे) कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकता है। साइकिल चलाने से तनाव, अवसाद या चिंता भी कम होती है। साइकिल चलाने के दौरान एंडोर्फिन हॉर्मोन निकलता है, जो तनाव को कम करने में मदद करता है। साथ ही आप चीजों को लेकर ज्यादा फोकस्ड यानी एकाग्र होते हैं। इससे स्टैमिना भी बढ़ता है।

साइकिल चलाने के लाभों में से एक ये है कि यह ऑस्टियो आर्थराइटिस से पीड़ित मिड एज्ड और वृद्ध लोगों में जोड़ों के दर्द और अकड़न को काफी हद तक कम करता है।

विश्व साइकिल दिवस की थीम

साल 2024 में विश्व साइकिल दिवस की थीम 'साइक्लिंग के माध्यम से अच्छे स्वास्थ्य, निष्पक्षता और स्थिरता को प्रोत्साहित करना' यानी Encouraging good health, fairness and sustainability through cycling रखी गई है। इस थीम को रखने का मकसद साइकिलिंग के माध्यम से विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देना है।

आजकल गाड़ियों के चलते सड़क पर जाम लगा रहता है, जबकि साइकिल ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने में सहायक है, क्योंकि इससे जाम नहीं लगता। ये अन्य गाड़ियों के मुकाबले बेहद किफायती है। इसे कोई भी अफोर्ड कर सकता है।

Tags:    

Similar News