Korba News: विश्व वेटलैण्ड दिवस पर कटघोरा वनमण्डल में जनभागीदारी से वेटलैण्ड्स संरक्षण का संकल्प
Korba News:
Korba News: कोरबा। विश्व वेटलैण्ड दिवस के अवसर पर कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत स्थित विभिन्न वेटलैण्ड्स में जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में वेटलैण्ड मित्रों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा आसपास के ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस वर्ष विश्व वेटलैण्ड दिवस की थीम "Wetlands and traditional knowledge: Celebrating cultural heritage" के अनुरूप स्थानीय पारंपरिक ज्ञान एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पक्षों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत 2.25 हेक्टेयर से अधिक साईज के 196 वेटलैण्ड स्थल उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान वेटलैण्ड्स के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि ये प्राकृतिक जलस्रोत वर्षा के जल को संचित कर भूजल पुनर्भरण में सहायक होते हैं, बाढ़ की स्थिति में अतिरिक्त जल को समाहित कर बाढ़ नियंत्रण का कार्य करते हैं तथा धीरे-धीरे जल छोड़कर नदियों-नालों के प्रवाह को बनाए रखते हैं। वेटलैण्ड्स प्रदूषकों, गाद एवं पोषक तत्त्वों को अवशोषित कर जल को स्वाभाविक रूप से शुद्ध करने वाली प्राकृतिक जल-शोधन इकाई के रूप में काम करते हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों की पेयजल एवं सिंचाई जल गुणवत्ता बेहतर होती है।
यह भी रेखांकित किया गया कि वेटलैण्ड्स जैव विविधता के हॉटस्पॉट हैं, जहां अनेक पक्षी, मछली, उभयचर, कीट एवं अन्य वन्यप्राणी आश्रय पाते हैं, विशेषकर प्रवासी पक्षियों के लिए ये अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव स्थल होते हैं। इसके साथ ही मत्स्य पालन, कुटीर उद्योग, चारा, ईंधन, जलीय पौधों एवं पर्यटन जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय समुदायों की आजीविका, खाद्य सुरक्षा एवं आर्थिक विकास में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान है।